लोक आस्था के महापर्व 'छठ पूजा' को लेकर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में तैयारियां जोरों पर हैं। अब दिल्ली सरकार ने 16 नवंबर 2026 (सोमवार) को दिल्ली के सभी सरकारी कार्यालयों, स्वायत्त निकायों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (PSUs) में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, दिल्ली के उपराज्यपाल (LG) तरनजीत सिंह संधू ने प्रतिहार षष्ठी यानी छठ पूजा के अवसर पर इस अवकाश को अपनी स्वीकृति दे दी है। 13 नवंबर से शुरू हो रहे चार दिवसीय इस महापर्व के लिए यह फैसला श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत लेकर आया है।
दिल्ली में छठ पर सरकारी छुट्टी
1,400 से अधिक घाटों पर भव्य आयोजन
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि छठ पूजा केवल एक धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि दिल्ली की सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। सरकार का प्रयास है कि व्रत रखने वाले श्रद्धालु और दर्शनार्थी पूर्ण निष्ठा, सम्मान और शांति के साथ इस त्योहार को मना सकें। मुख्यमंत्री ने हाल ही में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें अधिकारियों को सुरक्षा, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोपरि रखने के निर्देश दिए गए। इस वर्ष दिल्ली भर में 1,400 से अधिक छठ घाट तैयार किए जा रहे हैं, जो पिछले साल से अधिक हैं। घाटों पर महिलाओं के लिए चेजिंग रूम, प्रमुख घाटों पर सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त रोशनी (लाइंस), टेंट व्यवस्था और 24 घंटे सफाई की व्यवस्था की जाएगी। शीत लहर को ध्यान में रखते हुए मध्यम और बड़े घाटों पर ढके हुए टेंट लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
मुनक नहर पर बनेगा दिल्ली का सबसे लंबा 11 किलोमीटर का घाट
इस साल छठ पूजा का मुख्य आकर्षण मुनक नहर के किनारे बनाया जा रहा 11 किलोमीटर लंबा छठ घाट होगा। आउटर रिंग रोड से शुरू होकर इंदरलोक तक फैले इस घाट को दिल्ली का सबसे लंबा घाट बताया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए नहर के दोनों तरफ सीढ़ियां और कंक्रीट की सड़क का निर्माण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 12 नवंबर को इस विशाल घाट परिसर का उद्घाटन करेंगे।
उपराज्यपाल ने DDA को दिए निर्देश
उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) के उपाध्यक्ष और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ छठ पूजा की तैयारियों की समीक्षा की। एलजी ने डीडीए को निर्देश दिया कि वे अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले सार्वजनिक पार्कों, पार्कों की जमीनों और यमुना के फ्लडप्लेन में बने कृत्रिम तालाबों व स्थलों को छठ पूजा के लिए मुफ्त उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल और पूर्वी उत्तर प्रदेश के श्रद्धालुओं की स्थानीय मांग और पिछले इस्तेमाल को ध्यान में रखते हुए पारदर्शी तरीके से स्थलों का आवंटन किया जाए। डीडीए, दिल्ली जल बोर्ड (DJB) और दिल्ली नगर निगम (MCD) के साथ मिलकर सफाई, पानी और रोशनी की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करेगा। पूजा संपन्न होने के बाद सभी स्थलों की त्वरित सफाई कर उन्हें वापस पुरानी स्थिति में लाया जाएगा।
