Delhi AQI Today: देश की राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। दिवाली की अगली सुबह सोमवार तड़के 4 बजे ही केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के कई हिस्सों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 'गंभीर' (Severe) श्रेणी में दर्ज किया गया। सुबह-सुबह शहर के सभी इलाकों को जहरीली धुंध की मोटी चादर ने अपनी चपेट में ले लिया, जिससे कई प्रमुख मार्गों पर विजिबिलिटी में भारी गिरावट आई।
तड़के ITO का नजारा, जहां AQI 400 पार दर्ज किया गया (Screengrab | PTI)
ITO पर AQI 400 के पार, कई इलाकों में स्थिति 'बहुत खराब'
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के एयर क्वालिटी स्टेशनों से मिले आंकड़े बेहद चिंताजनक स्थिति बयां कर रहे हैं। सोमवार सुबह लगभग 4:20 बजे आईटीओ स्थित एयर क्वालिटी स्टेशन ने 406 का खतरनाक AQI दर्ज किया, जो आपातकालीन यानी 'गंभीर' श्रेणी में आता है। तड़के 1:30 बजे राजीव चौक पर AQI 381 दर्ज किया गया, जबकि सुबह 4:00 बजे साउथ एक्सटेंशन के आसपास के इलाके में AQI 360 रहा। ये आंकड़े दर्शाते हैं कि राजधानी का अधिकांश हिस्सा 'बहुत खराब' से लेकर 'गंभीर' प्रदूषण के शिकंजे में फंसा हुआ है।
ये इलाके सबसे साफ
CPCB के ताजा आंकड़ों के मुताबिक जिन इलाकों में हालात बाकियों की तुलना में बेहतर हैं उनको भी देख लेते हैं। कैंटोनमेंट एरिया में AQI 294 दर्ज किया गया है, IGI एयरपोर्ट पर AQI 297, इग्नू मैदानगढ़ी में AQI 233, मैदानगढ़ी में AQI 286, श्री अरबिंदो मार्ग में AQI 257 और उत्तम नगर में AQI 274 दर्ज किया गया है। ताजा अपडेट के मुताबिक ये शहर के सबसे साफ इलाके हैं। इन सभी इलाकों में AQI की श्रेणी 'खराब' है, जो बाकी सभी स्टेशनों से बेहतर है।
पूरे दिल्ली-NCR में लागू हैं GRAP-3 की पाबंदियां
हवा की लगातार खराब होती स्थिति को देखते हुए पूरे दिल्ली-एनसीआर (National Capital Region) में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) का तीसरा चरण (Stage III) पूरी सख्ती से लागू है। इसके तहत गैर-जरूरी निर्माण और तोड़फोड़ की गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है, साथ ही धूल नियंत्रण और वाहनों के उत्सर्जन को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जा रहे हैं। इसके बावजूद मौसमी परिस्थितियों और स्थिर हवाओं के कारण प्रदूषक कण वायुमंडल में बने हुए हैं, जिससे नागरिकों को सांस लेने में भारी तकलीफ का सामना करना पड़ रहा है।
