Delhi Flights Update: नए साल से पहले मौसम ने उत्तर भारत में जनजीवन की रफ्तार धीमी कर दी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों में ठंड, शीतलहर और घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है। उत्तर और मध्य भारत के राज्यों में कड़ाके की ठंड के साथ-साथ कोहरे ने यातायात और दैनिक गतिविधियों को बुरी तरह प्रभावित किया है। राजधानी दिल्ली और NCR में हालात सबसे ज्यादा चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं, यहां फ्लाइट्स देरी से चल रही हैं, जिसको लेकर IGI एयरपोर्ट और इंडिगो एयरलाइन्स ने एडवाइजरी जारी की है।
दिल्ली में कोहरे के चलते उड़ानें प्रभावित
दिल्ली एयरपोर्ट पर CAT-III ऑपरेशन
घने कोहरे का सीधा असर हवाई यातायात पर पड़ा है। दिल्ली एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए बताया कि फिलहाल फ्लाइट ऑपरेशन CAT-III कंडीशन में किए जा रहे हैं। खराब विजिबिलिटी के कारण उड़ानों में देरी या रद्द होने की संभावना बनी हुई है। एयरपोर्ट की ग्राउंड टीमें यात्रियों की सहायता के लिए मौके पर मौजूद हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी फ्लाइट से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइंस से संपर्क करते रहें।
एयरलाइंस ने जारी की एडवाइजरी
इंडिगो समेत अन्य एयरलाइंस ने भी यात्रा संबंधी सूचना जारी कर यात्रियों को सतर्क किया है। एयरलाइंस का कहना है कि बदलती दृश्यता के चलते फ्लाइट शेड्यूल प्रभावित हो सकता है और ऑपरेशन सामान्य से धीमा रह सकता है। मौसम में सुधार के बाद उड़ानों का संचालन धीरे-धीरे सामान्य होने की उम्मीद है।
इंडिगो ने एडवाइजरी जारी कर बताया कि दिल्ली और हिंडन एयरपोर्ट इस सुबह ठंडी सर्द हवाओं और छाए कोहरे में लिपटे हुए हैं। बदलती दृश्यता के कारण उड़ानों के समय में बदलाव किए गए हैं और संचालन सामान्य से धीमा हो सकता है। हमारी जमीनी टीमें सुरक्षा और दृश्यता संबंधी नियमों का पालन प्राथमिकता से कर रही हैं।
हम आपको सलाह देते हैं कि अपनी उड़ान की स्थिति पर नजर रखें। यदि आपकी उड़ान प्रभावित होती है, तो आप आसानी से अपनी यात्रा को फिर बुक कर सकते हैं या रिफंड का दावा कर सकते हैं। हमारी एयरपोर्ट टीमें टर्मिनल पर आपकी सहायता के लिए उपलब्ध हैं। मौसम स्थिर होते ही संचालन धीरे-धीरे सामान्य हो जाएगा और उड़ानें नियोजित अनुसार प्रस्थान करेंगी। आपके धैर्य और समझ के लिए धन्यवाद। हम जल्द ही आपको विमान में स्वागत करने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
200 से अधिक उड़ानों में हुई देरी
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार सुबह घने कोहरे ने उड़ान संचालन को बुरी तरह प्रभावित किया है। विजिबिलिटी बेहद कम होने के कारण एयरपोर्ट पर लो विजिबिलिटी प्रोसीजर लागू करना पड़ा, जिससे कई उड़ानों में देरी हुई और कुछ को रद्द भी करना पड़ा। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटरडार24 के अनुसार सुबह करीब 8:45 बजे तक 140 से अधिक प्रस्थान और 50 से ज्यादा आगमन उड़ानें अपने तय समय से देर से संचालित हुईं, जबकि कुछ उड़ानें रद्द कर दी गईं। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने भी घने कोहरे को लेकर यात्रियों को सतर्क किया है और एयरलाइन के हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं, जो ये हैं-
- इंडिगो: 0124 497 3838
- एयर इंडिया: 011 6932 9333
- स्पाइसजेट: +91 (0)124 498 3410 / +91 (0)124 710 1600
- एयर इंडिया एक्सप्रेस: +91 124 443 5600 / +91 124 693 5600
- अकासा एयर: 9606 112 131
- एलायंस एयर: 044 3511 3511
दिल्ली-एनसीआर में घना कोहरा
सोमवार सुबह दिल्ली और आसपास के इलाकों में कोहरा इतना घना रहा कि सड़क पर कुछ ही दूरी तक देख पाना मुश्किल हो गया। कई इलाकों में दृश्यता 100 मीटर से भी नीचे दर्ज की गई, जबकि कुछ जगहों पर यह 50 मीटर या उससे कम रही। सड़कों पर वाहन बेहद धीमी रफ्तार से चलते दिखे और लोगों को ऑफिस व स्कूल पहुंचने में खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। कोहरे के साथ वायु प्रदूषण ने भी हालात को और गंभीर बना दिया है, जिससे सांस से जुड़ी दिक्कतें बढ़ने लगी हैं।
कई राज्यों में शीतलहर का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 30 दिसंबर से एक जनवरी के बीच हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, चंडीगढ़, उत्तरी राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में शीतलहर चलने की संभावना है। बिहार और झारखंड के कुछ इलाकों में भी ठंड का असर बढ़ सकता है। वहीं दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में तेज बारिश और तेज हवाओं के संकेत दिए गए हैं। IMD का अनुमान है कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से 31 दिसंबर की शाम दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छा सकते हैं। वहीं एक जनवरी को दिल्ली-एनसीआर के कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है। अगले दो दिनों तक कोहरा बना रहने से ठंड ज्यादा महसूस हो सकती है, हालांकि दोपहर की धूप से कुछ राहत मिलने के आसार हैं।
