दिल्ली की हवा लगातार 'खराब' श्रेणी में दर्ज, सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी- NCR में सिर्फ BS-VI गाड़ियों को ही मिलेगी इजाजत

Delhi AQI: गुरुवार को दिल्ली का औसतन AQI 228 रिकॉर्ड किया गया जो 'खराब' श्रेणी में आता है। वायु प्रदूषण मामले पर सुप्रीम कोर्ट ने सख्त टिप्पणी करते हुए दिल्ली-एनसीआर में केवल BS-VI मानकों वाले वाहनों की अनुमति देने पर विचार करने की बात कही है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार को भी वायु गुणवत्ता की स्थिति चिंताजनक बनी रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के सुबह 8 बजे के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली का औसतन एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 228 दर्ज किया गया, जो 'खराब' श्रेणी में आता है। शहर के अलग-अलग मॉनिटरिंग स्टेशनों पर प्रदूषण के स्तर में काफी अंतर देखा जा रहा है।

delhi aqi

दिल्ली में आज भी खराब श्रेणी में हवा

प्रमुख इलाकों में AQI का हाल

जहां आनंद विहार में AQI 332 और नॉर्थ कैंपस में 302 रिकॉर्ड किया गया, जो 'बहुत खराब' श्रेणी में हैं, वहीं आईआईटी दिल्ली में 241 और जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) में 230 दर्ज किया गया। दूसरी ओर, लोधी रोड में 148, इंडिया गेट और कर्तव्य पथ पर 149 तथा एम्स के पास 188 AQI दर्ज किया गया, जो 'मध्यम' श्रेणी के अंतर्गत आता है। मैदान गढ़ी (199), ओखला फेज 2 (193) और जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम (190) में भी AQI मध्यम श्रेणी के ऊपरी दायरे में रहा।

मौसम विभाग (IMD) ने गुरुवार को शहर में हल्की धुंध रहने का अनुमान जताया है। दिन का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

BS-VI पर सुप्रीम कोर्ट का कड़ा रुख

दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में लगातार बिगड़ती हवा को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने सुनवाई के दौरान संकेत दिया कि वह क्षेत्र में चलने वाले वाहनों को केवल भारत स्टेज-VI (BS-VI) उत्सर्जन मानकों का पालन करने वाली गाड़ियों तक सीमित करने पर विचार कर सकती है। सुप्रीम कोर्ट की बेंच ने टिप्पणी की है कि हम इस बात पर पूरी तरह स्पष्ट हैं कि हम दिल्ली, और संभव हो तो पूरे एनसीआर में केवल BS-VI मानकों का पालन करने वाले वाहनों को ही चलने की अनुमति देंगे।

इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट की बेंच ने जरूरी सामानों की आपूर्ति को लेकर एक वैकल्पिक मॉडल भी सुझाया। कोर्ट ने प्रस्ताव रखा कि दिल्ली की सीमाओं पर वेयरहाउस (गोदाम) बनाए जाएं, जहां बड़े ट्रकों से सामान उतारकर उन्हें छोटी बैटरी चालित या कम प्रदूषण फैलाने वाली गाड़ियों के जरिए शहर के भीतर पहुंचाया जाए।

CAQM का 2027 का प्लान

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने प्रदूषण नियंत्रण को लेकर पहली बार जिला-स्तरीय कार्य योजना पेश की है। आयोग ने दिल्ली और एनसीआर के पड़ोसी राज्यों को पत्र लिखकर 2027 के लिए राज्य, जिला और नगर निगम स्तर पर व्यापक वार्षिक कार्य योजना बनाने को कहा है। इसके तहत साल 2027 तक वार्षिक औसत वायु प्रदूषण स्तर में न्यूनतम 15 प्रतिशत और अधिकतम 20 प्रतिशत तक की कटौती का अनिवार्य लक्ष्य तय किया गया है। आयोग का मुख्य जोर केवल कागजी गतिविधियों के बजाय ठोस और मापने योग्य नतीजे हासिल करने पर है।

2026 का रिपोर्ट कार्ड

CAQM ने प्रदूषण नियंत्रण उपायों को लागू करने में दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के प्रदर्शन पर 2026 का प्रगति रिपोर्ट कार्ड भी साझा किया। चारों राज्यों और दिल्ली को मिलाकर कुल 421 ग्रीन श्मशान घाट स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन 31 अक्टूबर 2026 तक एक भी ग्रीन श्मशान घाट नहीं बनाया जा सका। चारों राज्यों में कुल 11,607 वार्षिक औद्योगिक निरीक्षणों का लक्ष्य था, जिसके मुकाबले 31 अक्टूबर तक केवल 2,584 निरीक्षण ही पूरे हो सके। दिल्ली ने 979 के लक्ष्य के मुकाबले 1,609 निरीक्षण कर अपना लक्ष्य पूरा कर लिया। वहीं हरियाणा ने 3,865 में से सिर्फ 177, राजस्थान ने 2,974 में से 68 और उत्तर प्रदेश ने 3,789 में से महज 730 निरीक्षण पूरे किए। CAQM के अनुसार, 75 प्रतिशत से कम प्रगति वाले राज्यों का प्रदर्शन 'असंतोषजनक' श्रेणी में आता है। वर्ष 2026 का अंतिम रिपोर्ट कार्ड जनवरी 2027 में जारी किया जाएगा।

End Article
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहर...

End of Feed