Delhi Crime: राजधानी दिल्ली के आदर्श नगर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां अज्ञात हमलावरों ने एक महिला की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी। इस हमले में महिला का पति भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी हालत फिलहाल नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज अस्पताल में जारी है।
मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना (Adarsh Nagar Murder) देर रात की बताई जा रही है, जब 2 से 3 की संख्या में आए हमलावर अचानक पीड़ित दंपति के घर में घुस गए। बिना किसी चेतावनी के हमलावरों ने महिला पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, इस घटना में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। बीच-बचाव करने आए पति पर भी हमलावरों ने हमला किया और उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद आदर्श नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, घायल पति को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर उसकी हालत पर नजर बनाए हुए हैं।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। फिलहाल इस हत्याकांड के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस आपसी रंजिश, लूटपाट या अन्य किसी साजिश के एंगल से भी मामले की जांच में जुटी है।
इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
