दमोह : जिले में शुक्रवार को एक ट्रक बोलेरो को टक्कर मारने के बाद एक मोटरसाइकिल से जा टकराया, जिससे चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दुर्घटना दमोह-सागर राज्य राजमार्ग पर बांसा तारखेडा के समीप शुक्रवार शाम हुई और इसमें पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं। हालांकि, घटना के बाद ट्रक चालक और सहायक फरार हो गए।
(सांकेतिक तस्वीर: File Photo)
ऐसे हुआ रोड हादसा
सागर नाका चौकी के प्रभारी विक्रम दागी ने बताया कि ट्रक ने पहले बोलेरो को टक्कर मारी और फिर वह एक मोटरसाइकिल से जा टकराया। उन्होंने कहा कि इस भीषण हादसे में मोटरसाइकिल और बोलेरो सवार चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मोटरसाइकिल पर दो सगे भाई सवार थे, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई।
2 भाईयों की मौत
दागी के मुताबिक दोनों भाइयों की पहचान जीवन अहिरवार (33) और सूरज अहिरवार (30) के रूप में हुई है एवं वे बासा गांव के कोड़ी अहिरवार के पुत्र थे। उन्होंने बताया कि यह टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो सवार दो लोगों की भी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उन्होंने कहा कि बोलेरो सवार मृतकों की पहचान मगरोन थानाक्षेत्र के भरतलाई गांव के संतोष चौधरी के 50 वर्षीय पुत्र राजू चौधरी और बूढ़ा गांव के राघवेन्द्र सिख सिखइया के पुत्र धर्मेंद्र (32) के रूप में हुई है।
थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रक चालक और सहायक घटनास्थल से फरार हो गए एवं पुलिस ने मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश के लिए कार्रवाई तेज करेगी। फिलहाल, हादसे के बाद परिवार को लोगों को सूचित कर दिया गया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
