शहर

अगले 2 दिन मौसम की तबाही...13 राज्यों में आंधी-बारिश की चेतावनी; बिजली-ओलों से बरतें सावधानी

मौसम विभाग ने अगले 2 दिन के मौसम का पूर्वानुमान जताते हुए कहा है पूर्वोत्तर में साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर रहेगा, जिस कारण अधिकांश राज्यों में आंधी-तूफान के साथ मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। वहीं, दक्षिण भारत में भी मौसमी गतिविधियां होने का अलर्ट है। आईएमडी ने वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अभी बारिश एवं बर्फबारी का सिलसिला जारी रहेगा।

Image

आज-कल का मौसम

उत्तर भारत में पिछले दिनों आंधी-बारिश की गतिविधियों के कारण तापमान में काफी कमी देखी गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत है। हालांकि, आने वाले दिन गर्मी की ओर शिफ्ट होंगे और धूप परेशान करेगी। मौसम विभाग ने बताया कि अब पश्चिमी विक्षोभ पूरी तरह से कमजोर हो गया है। लिहाजा, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली, एनसीआर और उत्तर प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। हालांकि, कहीं-कहीं बादलों की आवाजाही हो सकती है। उधर, पहाड़ों पर अगले 24 घंटे के दौरान विक्षोभ का असर रहेगा, जिससे उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कुछ हिल्ल साइड में आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और बर्फबारी का खतरा बना रहेगा। हालांकि, मैदानी हिस्सों पर मौसम शुष्क रहेगा। उधर, मन्नार की खाड़ी में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलेंगी और बारिश के साथ ओले-आकाशीय बिजली गिरने की संभावना रहेगी। उधर, दक्षिण भारत के तटीय राज्यों में मौसम खराब और वीकेंड पर अच्छी खासी बारिश हो सकती हैं। हालांकि, देश के अधिकांश राज्यों में तापमान में बढ़ोतरी से अब हीटवेव को लेकर संकेत मिल रहे हैं।

यूपी का मौसम कैसा है

उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज नर्म पड़ गया है। आईएमडी ने अगले कुछ दिन तक मौसम साफ रहने का अनुमान है। पिछले दिनों हुई मौसमी गतिविधियों के कारण फिलहाल गर्मी से राहत है, लेकिन मौसम शुष्क रहने से तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है। अब धीरे-धीरे मौसम गर्मी की ओर शिफ्ट होगा, लेकिन अभी एक सप्ताह तक मौसम सामान्य रहने की संभावना है। हालांकि, अभी बीच-बीच में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी, लेकिन बारिश को लेकर कोई अनुमान नहीं है।

बिहार में मौसम कैसा रहेगा

बिहार में पिछले दिनों हुई मौसमी गतिविधियां होने से मौसम काफी सुहावना है, लेकिन अब मौसम साफ होने का अनुमान है। लिहाजा, अब तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है। हालांकि, कुछ जिलों में आंशिक तौर पर बादलों की आवाजाही हो सकती है, लेकिन अधिकांश समय धूप निकलने से पारा चढ़ेगा, जिससे गर्मी का एहसास बढ़ेगा। हालांकि, अभी तेज गर्मी से राहत रहेगी, लेकिन अगले सप्ताह के अंत तक लू की स्थितियां पैदा हो सकती हैं। कमोबेश ऐसा ही मौसम छत्तीसगढ़ और झारखंड के कुछ हिस्सों पर बना रहेगा। हो सकता है, पूर्वोत्तर में सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) के सक्रिय रहने से मौसम बदला रह सकता है।

दिल्ली-एनसीआर का मौसम

दिल्ली-एनसीआर में बादल छट गए हैं, लेकिन सतही हवाओं के झोंके बढ़ गए हैं। मौसम विभाग का मानना है कि अब मौसमी गतिविधियों के थमने से तापमान में बढ़ोतरी शुरू होगी और अगले सप्ताह तक अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है। शुष्क मौसम के एहसास के बीच धूल भरी हवाएं परेशान कर सकती हैं, लेकिन पॉल्यूशन से राहत मिलेगी। सीपीसीबी के मुताबिक, फिलहाल एक्यूआई येलो जोन पर आ गया है। फिलहाल एक्यूआई 140 के आसपास दर्ज किया जा रहा है जो मध्यम श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच अत्यंत खराब और 401 से 500 के बीच एक्यूआई को गंभीर माना जाता है।

उत्तराखंड में मौसम कैसा है

उत्तराखंड में अगले 24 घंटे तक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर बना रहेगा और पहाड़ी जिलों में मौसम खराब रहेगा। आईएमडी ने ऊंचाई वाले भागों पर तेज हवाओं के साथ बारिश और बर्फबारी की संभावना है। इस दौरान पिथौरागढ़, रूद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर समेत कई ऊंचाई वाले हिस्सों पर पानी गिरने और बर्फ गिरने का अलर्ट जारी है। कहीं-कहीं 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलेंगी और ओलावृष्टि के साथ आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा।

हिमाचल-कश्मीर का मौसम कैसा है

मौसम विभाग ने बताया कि अगले 3 दिन तक मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। शिमला मौसम केंद्र के मुताबिक, 12 अप्रैल तक राज्य के ऊंचे और पर्वतीय भागों पर आंधी, बारिश और बर्फबारी रिकॉर्ड की जाएगी। इस दौरान कहीं-कहीं ओले गिरने और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना व्यक्त की जा रही है। हालांकि, मैदानी भागों पर मौसम साफ रह सकता है। फिलहाल मौसमी गतिविधियां होने से कई हिस्सों पर अभी भी तेज सर्दी का एहसास हो रहा है, लेकिन मैदानी भागों पर गर्मी बढ़ने की संभावना है। 13 अप्रैल से मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। उधर, कश्मीर की घाटियां भी मौसम से प्रभावित रहेंगी। श्रीनगर समेत कई हिस्सों पर तेज हवाओं के बहने के साथ मेघ गर्जन के बीच बारिश और बर्फबारी का अलर्ट घोषित है। इस दौरान बिजली कड़कने और बर्फबारी की चेतावनी है।

दक्षिण-पूर्वोत्तर में आंधी-बारिश का अलर्ट

पूर्वोत्तर भारत में मौसम अगले 72 घंटों तक तबाही मचा सकता है। आईएमडी का पूर्वानुमान है कि अधिकांश राज्यों में तेज आंधी तूफान के साथ बादल बरसते नजर आएंगे। खासकर, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नागालैंड, असम, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश का अलर्ट है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि का भी खतरा है। वहीं, सिक्किम और असम में बर्फबारी के संकेत हैं। स्काईमेट ने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से दक्षिण भारत में मौसम गतिविधियां होने की चेतावनी है। शनिवार और रविवार को केरल, तमिलनाडु और अंडमान में आंधी बारिश से मौसम बदला रह सकता हैं। बहरहाल, अब अधिकांश राज्यों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है, जिससे अगले सप्ताह तक लू (Heatwave) परेशान कर सकती है।

11 अप्रैल शनिवार का तापमान

शहर का नामन्यूनतम तापमानअधिकतम तापमान
दिल्ली19°C31°C
मुंबई26°C31°C
जयपुर20°C32°C
भोपाल21°C34°C
रांची19°C30°C
कोलकाता23°C33°C
चेन्नई27°C33°C
बेंगलुरु23°C36°C
पटना21°C33°C
लखनऊ22°C33°C
चंडीगढ़18°C30°C
देहरादून12°C23°C
शिमला9°C19°C
कश्मीर5°C14°C

हीटवेव क्या है?

मार्च की शुरुआत से ही अधिकांश राज्यों में तापमान बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 2 से 4 दिन में तेलंगाना, विदर्भ, मराठवाड़ा, तमिलनाडु और रायमसीला में दिन का तापमान तेजी से बढ़ सकता है। अगले 10 दिन में 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मैदानी इलाकों में हीटवेव के 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक होना आवश्यक है, जो सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा होना चाहिए। तटीय क्षेत्रों के लिए यह सीमा 37 डिग्री सेल्सियस और पहाड़ी क्षेत्रों के लिए 30 डिग्री सेल्सियस निर्धारित है। इस दौरान डीहाइड्रेशन, हीट क्रैम्प्स और जानलेवा हीटस्ट्रोक होने का खतरा बढ़ सकता है। ले चलमे से चक्कर आना, बेहोशी इत्यादि आने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं।

गर्मी कहां पड़ रही

देश के अधिकांश भागों पर तापमान में बढ़ोतरी जारी है। हालांकि, अभी भी हिमालयी राज्यों पर बर्फबारी से मौसम सर्द है, लेकिन उत्तर भारत में न्यूनतम और अधिकतम तापमान बढ़ रहा है। लिहाजा, अगले सप्ताह तक मौसम काफी गर्म महसूस होगा। फिलहाल, दक्षिण भारत, पूर्वोत्तर और गुजरात, महाराष्ट, छत्तीसगढ़, झारखंड, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के अधिकांश भागों पर गर्मी का सिलसिला शुरू हो गया है। जल्द ही कुछ राज्यों में लू और सनबर्न का अलर्ट जारी हो सकता है।

सनबर्न क्या होता है?

गर्मी का सीजन शुरू होने के संकेत मिलने लगे है। लिहाजा गर्मियों के सीजन से बचाव के लिए सनबर्न का अलर्ट जारी किया जाता है। दरअसल, एक्सपर्ट के मुताबिक, सनबर्न त्वचा के लिहाज से काफी हानिकारक माना जाता है। चिकित्सीय भाषा में इसे डर्माटाइटिस सोलारिस कहा जाता है। सनबर्न सूरज की यूवी किरणों के अधिक संपर्क में आने से होती है। इससे स्किन पर इरिटेशन होने लगती है, जिससे त्वचा में छाले, सूजन और लाल दाग पड़ने लगते हैं और दर्द महसूस होता है। यानी की अधिकांश केस में स्किन झुलस जाती है, जिससे उसका कलर डार्क प्रतीत होता है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमार author

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ... और देखें

End of Article