शहर

बुलंदशहर में छुट्टी न मिलने से आहत सिपाही ने खुद को मारी गोली, सुसाइड नोट में थानेदार पर गंभीर आरोप; तीन लाइन हाजिर

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में विभाग के अधिकारियों से परेशान होकर एक यूपी पुलिस के सिपाही ने सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

Image

बुलंदशहर में छुट्टी न मिलने से आहत सिपाही ने खुद को मारी गोली

बुलंदशहर : जिले में औरंगाबाद थाने से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां तैनात एक सिपाही सुधीर ठाकुर ने अपनी सरकारी राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। सिपाही के इस आत्मघाती कदम से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी दिनेश कुमार सिंह, एसपी सिटी और पुलिस के आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए हैं।

'वायरल ऑडियो' और उत्पीड़न का दर्द

आत्महत्या से ठीक कुछ मिनट पहले सिपाही सुधीर ठाकुर द्वारा रिकॉर्ड किया गया एक ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस ऑडियो में सिपाही ने थाना प्रभारी (SHO) राहुल चौधरी, मुंशी अंकित गुर्जर और अन्य पर गंभीर मानसिक यातनाएं और उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। सिपाही का दर्द ऑडियो में साफ झलक रहा है, जिसमें वह कह रहा है कि वह अपनी नौकरी और जिंदगी से त्यागपत्र दे रहा है। सूत्रों के मुताबिक, सुधीर लंबे समय से पेट दर्द की समस्या से जूझ रहा था, लेकिन कथित तौर पर उसे छुट्टी नहीं दी जा रही थी, जिससे वह गहरे अवसाद और आहत था। मौके पर मौजूद अन्य सिपाहियों ने उसे समझाने का भरपूर प्रयास किया, लेकिन इससे पहले कि वे उसे रोक पाते, सुधीर ने राइफल की नाल अपनी ठोड़ी पर रखकर ट्रिगर दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

अधिकारी और कर्मचारी लाइन हाजिर

मृतक सिपाही द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों और वायरल ऑडियो के बाद बुलंदशहर के एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने तत्काल प्रभाव से कड़ा कदम उठाया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए थानाध्यक्ष राहुल चौधरी, मुंशी अंकित गुर्जर और एक अन्य सिपाही को पुलिस लाइन हाजिर कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल ऑडियो और सिपाही की मौत के मामले की गहराई से जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article