केंद्र सरकार की ओर से लाए जा रहे परिसीमन और महिला आरक्षण संशोधन विधेयक को लेकर विपक्षी 'INDIA' गठबंधन के भीतर उभरे मतभेद और गहराते जा रहे हैं। शरद पवार की एनसीपी (NCP-SP) के बाद अब तमिलनाडु की सत्ताधारी पार्टी द्रमुक (DMK) के भी इस विधेयक का समर्थन किए जाने की खबरों पर कांग्रेस ने बेहद तल्ख प्रतिक्रिया दी है। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल ने रायपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए DMK के इस बदले रुख पर सीधा निशाना साधा और दार्शनिक अंदाज में तंज कसते हुए केंद्रीय जांच एजेंसियों के दबाव का आरोप लगाया।
रायपुर में प्रेस कॉनफ्रेंस के दौरान भूपेश बघेल
'यूं कोई बेवफा नहीं होता': भूपेश बघेल
रायपुर में संवाददाताओं से बात करते हुए कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने DMK के रुख में बदलाव पर तीखा हमला बोला "सबसे पहले तमिलनाडु विधानसभा में इसके खिलाफ प्रस्ताव पारित करने वाली द्रमुक ही थी। अगर वे अब अपना रुख बदल रहे हैं, तो मैं सिर्फ इतना ही कह सकता हूं कि कुछ तो मजबूरियां रही होंगी। कोई यूं बेवफा नहीं होता। अब वे मजबूरियां क्या हो सकती हैं? आप सभी विद्वान लोग हैं, खुद ही समझ सकते हैं। सारी जांच एजेंसियां पीछे लगा दी गई हैं..." बघेल का सीधा इशारा केंद्र सरकार की जांच एजेंसियों के कथित इस्तेमाल की ओर था, जिसके दबाव में आकर विपक्षी दल अपने पुराने रुख से पीछे हट रहे हैं।
DMK का पिछला स्टैंड: 2024 और 2025 में किया था कड़ा विरोध
भूपेश बघेल ने याद दिलाया कि परिसीमन के मुद्दे पर सबसे मुखर विरोध DMK का ही रहा है। बता दें कि फरवरी 2024 में तमिलनाडु विधानसभा ने एक विशेष प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार से यह मांग की थी कि राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का अनुपात 1971 की जनगणना के आधार पर ही स्थिर रखा जाए, ताकि जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर प्रदर्शन करने वाले दक्षिणी राज्यों को नुकसान न उठाना पड़े। वहीं मार्च 2025 में द्रमुक ने चेन्नई में दक्षिणी राज्यों की एक संयुक्त कार्रवाई समिति (JAC) की उच्चस्तरीय बैठक बुलाई थी, जिसमें 'निष्पक्ष परिसीमन' को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक विरोध दर्ज कराने का फैसला लिया गया था।
INDIA गठबंधन के भीतर बढ़ता संकट
संसद के विशेष सत्र से ठीक पहले परिसीमन विधेयक पर विपक्षी दलों के अलग-अलग सुर ने INDIA ब्लॉक की एकजुटता पर बड़ा सवालिया निशान लगा दिया है। जहां कांग्रेस और उसके कई सहयोगी दल इस विधेयक को 'लोकतंत्र के खिलाफ' बताकर संसद में पुरजोर विरोध की बात कह रहे हैं, वहीं NCP-SP और DMK जैसे प्रमुख सहयोगियों के समर्थन वाले फैसलों ने मोदी सरकार के लिए इस विधेयक को पारित कराने का रास्ता आसान कर दिया है।
