Blackout in Gujarat: भारत और पाकिस्तान के बीच जंग जैसे हालातों के बीच सीमावर्ती राज्य हाई अलर्ट पर है। जिसके चलते गुजरात के कच्छ और बनासकांठा में कई जगहों पर पूरी तरह से ब्लैकआउट लागू कर दिया गया है। गुजरात के अलावा जम्मू-कश्मीर, पंजाब और राजस्थान में भी कई शहरों में पूरी तरह से ब्लैकआउट कर दिया गया है। इस दौरान सभी तरह की लाइटों को बंद रखने का निर्देश दिया गया है।
गुजरात के कच्छ और बनासकांठा दोनों जिले पाकिस्तान के साथ सीमा साझा करते हैं। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि पाकिस्तान की किसी भी आक्रामक हरकत को रोकने के लिए एहतियात के तौर पर भुज, नलिया, नखत्राणा और गांधीधाम कस्बों सहित कच्छ के कई हिस्सों में पूरी तरह से ब्लैकआउट कर दिया गया है।
अधिकारी ने बताया कि इसी तरह बनासकांठा जिले के सुईगाम तालुका के सीमावर्ती कई गांवों में ब्लैकआउट घोषित कर दिया गया है। इससे पहले दिन के दौरान गुजरात के कच्छ जिले के खावड़ा गांव के पास एक सुदूर स्थान पर एक ‘ड्रोन’ जैसी वस्तु का मलबा मिला। यह क्षेत्र भारत और पाकिस्तान सीमा के करीब है।
(इनपुट - भाषा)
