शहर

2005 का दंगा याद दिलाकर सपा पर बरसे योगी, बोले- अब यूपी में माफियाराज खत्म, खुली जीप में पिस्तौल लहराने वाले गायब

मऊ में 392 करोड़ की 114 परियोजनाओं के लोकार्पण पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने माफियाराज और विपक्ष पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि आज यूपी में कोई माफिया खुली जीप में पिस्तौल लहराकर किसी हिंदू को नहीं धमका सकता।

Image

CM योगी ने मऊ में 392 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया (फाइल फोटो)

Photo : PTI

Yogi in Mau: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को जनपद मऊ में 392 करोड़ से अधिक की लागत वाली 114 जनकल्याणकारी परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल हुए। मऊ की धरती से विकास का नया अध्याय शुरू करते हुए सीएम योगी ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर माफियाओं और पूर्ववर्ती सरकारों को कड़ा संदेश दिया। मंच से जनता को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने मऊ के पुराने दंगों और माफियाराज की याद दिलाई और साफ कहा कि आज के उत्तर प्रदेश में अपराधियों और शोहदों के लिए कोई जगह नहीं है।

अब पिस्तौल लहराकर खुली जीप में घूमने वाले दिन हवा हुए

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था में आए बदलाव को रेखांकित करते हुए कहा कि आज उत्तर प्रदेश में कोई भी माफिया या अपराधी किसी के जीवन से खिलवाड़ नहीं कर सकता। सीएम योगी ने अपने भाषण में कहा कि मऊ जनपद के जो लोग 30-35 वर्ष से ऊपर की उम्र के हैं, वे साल 2005 के उस कुत्सित और नीचतापूर्ण प्रयास को भूले नहीं होंगे, जब मऊ को जलाने की कोशिश की गई थी। सत्ता के संरक्षण में पलने वाले माफिया खुली जीप में पिस्तौल लहराकर घूमते थे और हिंदुओं को धमकाते थे। आस्था के केंद्र रामलीला के आयोजन में व्यवधान पैदा करके निर्दोष हिंदुओं का कत्लेआम किया जा रहा था और तत्कालीन सरकार माफिया के सामने नतमस्तक थी।

योगी ने कहा कि अब यूपी बदल चुका है, आज कोई भी माफिया खुली जीप में पिस्तौल लहराकर किसी हिंदू को धमका नहीं सकता है, अब किसी में इतनी हिम्मत नहीं है।

'सपा राज में सूर्यास्त से पहले बंद हो जाते थे व्यापार, बेटियां थीं असुरक्षित'

विपक्ष, विशेषकर समाजवादी पार्टी (सपा) पर सीधा हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पुरानी सरकारों में अराजकता का तांडव था। उन्होंने कहा कि पहले बेटियां सुरक्षित स्कूल नहीं जा पाती थीं, शोहदे उन्हें परेशान करते थे और कभी भी उनका अपहरण कर लिया जाता था। व्यापारी सूर्यास्त से पहले अपने प्रतिष्ठान और दुकानें बंद करने के लिए मजबूर थे। अगर परिवार का कोई सदस्य शाम ढलने के बाद घर न लौटे, तो पूरे परिवार को अनहोनी की चिंता सताने लगती थी। रामनवमी, जन्माष्टमी, शिवरात्रि और यज्ञ जैसे धार्मिक आयोजनों में जानबूझकर व्यवधान डाला जाता था और पूरा माहौल दंगा और कर्फ्यू से ग्रस्त रहता था। युवाओं के सामने पहचान का संकट खड़ा हो गया था।

'चार जातियों' की नई परिभाषा

जातिवाद की राजनीति करने वाले दलों को आड़े हाथों लेते हुए सीएम योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को मऊ के मंच से दोहराया। उन्होंने देश में जातियों की एक नई परिभाषा बताते हुए कहा कि हमारे लिए देश में केवल चार ही जातियां हैं, गरीब, युवा, नारी और अन्नदाता किसान। सीएम योगी ने कहा, सपा ने न तो गरीबों के लिए शौचालय बनने दिए, न आवास मिलने दिया और न ही राशन दिया। मोदी जी दिल्ली में योजनाएं बनाते थे और भाजपा शासित राज्य पूरी ईमानदारी से उन्हें जमीन पर लागू करते हैं।

विकास जाति पूछकर नहीं आता: बिना भेदभाव के प्रगति

मऊ को कनेक्टिविटी, नागरिक सेवाओं और आधारभूत सुविधाओं की सौगात देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार बिना किसी भेदभाव के काम कर रही है। उन्होंने जनता से संवाद करते हुए पूछा "जब बिना भेदभाव के सड़क बनती है, तो क्या वह जाति पूछकर किसी को चलने देती है? क्या कोई स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल जाति पूछकर इलाज करता है? क्या कोई पुल जाति पूछकर नदी पार करने की अनुमति देता है?" योगी ने अंत में कहा कि यह सब तब संभव होता है जब जनता अच्छे लोगों को चुनती है और एक अच्छी सरकार बनती है। गलत लोग चुने जाने पर हमेशा सुरक्षा में सेंध लगती है और विकास रुक जाता है। आज मऊ प्रगति और समृद्धि के नए संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारी author

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृ... और देखें

End of Article