CM Yogi Visit Today: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार (16 अक्टूबर) को गाजियाबाद के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। अपने इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री विकास परियोजनाओं के निरीक्षण के साथ-साथ आगामी MLC चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित सम्मेलन में भी प्रतिभाग करेंगे।
2:10 बजे हिंडन एयरपोर्ट पहुंचेंगे सीएम योगी
तय कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री दोपहर करीब 2:10 बजे हिंडन एयरपोर्ट पहुंचेंगे। हिंडन एयरपोर्ट से वे सीधे इंदिरापुरम जाएंगे, जहां वे 40 एमएलडी (MLD) क्षमता वाले टर्शियरी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (TSTP) का निरीक्षण करेंगे। करीब 320 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस अत्याधुनिक प्लांट में सीवेज के पानी को ट्रीट करके औद्योगिक इस्तेमाल के योग्य बनाया जाता है। वर्तमान में इस प्लांट के जरिए क्षेत्र की लगभग 1,200 औद्योगिक इकाइयों को शोधित जल की निर्बाध आपूर्ति की जा रही है।
डासना में शिक्षक और स्नातक मतदाताओं से करेंगे संवाद
इंदिरापुरम में प्लांट का निरीक्षण पूरा करने के बाद मुख्यमंत्री दोपहर करीब 2:45 बजे डासना स्थित सुंदरदीप इंजीनियरिंग कॉलेज पहुंचेंगे। डासना में भाजपा द्वारा मेरठ-सहारनपुर खंड के शिक्षक और स्नातक मतदाता सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। आगामी 23 अक्टूबर को प्रस्तावित MLC चुनाव को देखते हुए मुख्यमंत्री सम्मेलन में उपस्थित शिक्षक और स्नातक मतदाताओं को संबोधित करेंगे और चुनाव की रणनीतियों पर चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए हैं तथा आवागमन के रूट को डायवर्ट किया गया है।
आज आगरा में भी रहेंगे मुख्यमंत्री
बता दें कि गाजियाबाद से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज आगरा के करीब तीन घंटे के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह ताज ईस्ट गेट पर निर्माणाधीन छत्रपति शिवाजी महाराज म्यूजियम का निरीक्षण करेंगे और फतेहाबाद रोड स्थित टाटा ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा के बाद मुख्यमंत्री दया नगर पहुंचकर दिवंगत विधायक छोटेलाल वर्मा के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त करेंगे। इसके बाद वह खेरिया एयरपोर्ट से गाजियाबाद के लिए रवाना होंगे।
