Delhi Traffic Jam: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध-प्रदर्शन और संसद के मानसून सत्र की शुरुआत के बीच सोमवार को मध्य दिल्ली के कई हिस्सों में यातायात बहुत धीमा रहा। कुछ ही किलोमीटर का सफर तय करने में लोग घंटों तक फंसे रहे। बता दें कि यह स्थिति उस समय बनी, जब हजारों प्रदर्शनकारी संसद मार्ग के पास जुटे और परीक्षा में अनियमितताओं को लेकर जवाबदेही तय करने तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर संसद की ओर मार्च करने की कोशिश की। इस दौरान उन्हें सुरक्षाकर्मियों के लाठीचार्ज का भी सामना करना पड़ा।
कनॉट प्लेस पर भारी जाम की तस्वीर (फोटो- ANI)
कई सड़कों पर भारी ट्रैफिक जाम
नई दिल्ली और इसके आसपास की कई सड़कों पर भारी ट्रैफिक जाम देखने को मिला। इससे आने-जाने वाले लोगों को देरी का सामना करना पड़ा और गाड़ियां धीमी गति से चलीं। सोमवार को संसद का मानसून सत्र शुरू होने के कारण भी नई दिल्ली क्षेत्र में गाड़ियों की आवाजाही बढ़ने और यातायात प्रतिबंध लागू किए जाने से सड़कों पर दबाव और बढ़ गया। सेंट्रल दिल्ली के बड़े हिस्से में भारी जाम का वीडियो भी सामने आया।
यात्रियों ने साझा किया अपना एक्सपीरियंस
एक यात्री ने बताया कि, "कृष्ण मेनन मार्ग से संसद मार्ग की ओर जाते समय मैं कम से कम तीन घंटे तक जाम में फंसा रहा। आमतौर पर इस रास्ते को तय करने में मुश्किल से 10 मिनट लगते हैं।" एक अन्य यात्री ने कहा कि सड़कों पर पूरी तरह अव्यवस्था की स्थिति रही, क्योंकि कई रास्ते पूरी तरह बंद कर दिए गए थे और कार्यालय जाने वाले लोग परेशान रहे। नीति आयोग भवन में काम करने वाले एक कर्मचारी ने कहा, "इस इलाके में इतनी बड़ी संख्या में पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती आम बात नहीं है। मुझे ऑफिस पहुंचने के लिए सड़क के गलत दिशा वाले हिस्से से होकर जाना पड़ा। मैं कम से कम डेढ़ घंटे की देरी से पहुंचा।"
क्या थी दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी?
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने पहले ही एक एडवाइजरी जारी कर यात्रियों से अपील की थी कि वे जहां तक संभव हो, इस इलाके की कई सड़कों और चौराहों से बचें। रफी मार्ग, मोतीलाल नेहरू मार्ग, मौलाना आजाद रोड, के. कामराज मार्ग, रायसीना रोड, राजेंद्र प्रसाद रोड, संसद मार्ग, अशोक रोड, तालकटोरा रोड, पंडित पंत मार्ग, रकाबगंज गुरुद्वारा रोड, विकास मार्ग, दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मार्ग और मिंटो रोड समेत कई सड़कों का इस्तेमाल करने से यात्रियों को बचने की सलाह दी गई थी। परामर्श में कुछ और सड़कों के भी नाम थे।
दिल्ली मेट्रो के पांच स्टेशन घंटों तक बंद रहे
इसी दौरान दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC) ने सोमवार को मध्य दिल्ली के पांच मेट्रो स्टेशन अस्थायी रूप से बंद कर दिए। बाद में दिनभर में इन्हें चरणबद्ध तरीके से खोल दिया गया। डीएमआरसी के अनुसार, राजीव चौक, जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय और सेवा तीर्थ मेट्रो स्टेशन अधिकतर समय बंद रहे। सबसे पहले सेवा तीर्थ स्टेशन खोला गया, इसके बाद जनपथ और पटेल चौक स्टेशन पर सेवाएं बहाल की गईं। हालांकि, राजीव चौक और केंद्रीय सचिवालय स्टेशन के कुछ प्रवेश एवं निकास द्वार बंद रहे, लेकिन यात्रियों को लाइन बदलने की सुविधा दी गई। इस दौरान वायलेट लाइन पर तकनीकी खराबी के कारण कुछ समय के लिए मेट्रो सेवाएं भी प्रभावित रहीं, जिन्हें बाद में सामान्य कर दिया गया।
