शहर

मुंबई में अवैध घुसपैठ पर बड़ा शिकंजा, क्राइम ब्रांच की कार्रवाई में 37 बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार

मुंबई क्राइम ब्रांच ने शहर के विभिन्न इलाकों में बड़ी कार्रवाई करते हुए 37 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में कई लोगों के भारत में अवैध तरीके से रहने और प्रवेश करने की आशंका जताई गई है, जबकि उनके दस्तावेजों का सत्यापन जारी है।

Image

मुंबई में अवैध रूप से रह रहे 37 बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Mumbai News: मुंबई में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई की है। मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम ने शहर के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर 37 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक, क्राइम ब्रांच ने यह कार्रवाई मुंबई के दहिसर, कांदिवली, मलाड, कुर्ला, तिलकनगर और मानखुर्द जैसे इलाकों में की। इन क्षेत्रों में रहने वाले संदिग्ध लोगों की जानकारी जुटाने के बाद पुलिस ने अभियान चलाया और कई लोगों को पकड़ा। शुरुआती जांच में पता चला है कि कई लोग गैर-कानूनी तरीके से भारत में आए हैं।

पश्चिम बंगाल सीमा मार्ग का इस्तेमाल

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पकड़े गए लोगों से उनके भारत में आने, रहने और पहचान से जुड़े दस्तावेजों के बारे में पूछताछ की जा रही है। उनके पास मौजूद आधार कार्ड, पहचान पत्र और अन्य दस्तावेजों की सत्यता की भी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि कितने लोग अवैध रूप से भारत में रह रहे थे और उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई क्या होगी। मुंबई क्राइम ब्रांच के मुताबिक, पहले बांग्लादेश से भारत में अवैध प्रवेश के लिए पश्चिम बंगाल सीमा मार्ग का इस्तेमाल किए जाने की जानकारी सामने आती रही है।

असम बॉर्डर के रास्ते भारत में घुसपैठ

हालांकि, अब जांच एजेंसियों को संकेत मिले हैं कि कुछ लोग असम बॉर्डर के रास्ते भी भारत में घुसपैठ कर रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियां इस नेटवर्क और इसके संभावित संपर्कों की जानकारी जुटाने में लगी हुई हैं। क्राइम ब्रांच इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गिरफ्तार लोगों ने भारत में प्रवेश कैसे किया, उन्हें किसने मदद पहुंचाई और क्या इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क सक्रिय है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे और भी कार्रवाई की जा सकती है। मुंबई जैसे बड़े महानगर में अवैध प्रवासियों की पहचान को लेकर समय-समय पर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अभियान चलाती रही हैं।

atul. Singh
अतुल सिंहauthor

मैं अतुल सिंह,मैं 14 वर्षों से अधिक समय से टीवी पत्रकारिता में विभिन्न क्षेत्रों को खबरों को कवर करने वाला अनुभवी पत्रकार हूं। वर्तमान में Times Now नवभारत के लिए principal correspondent हूं। मैंने इंडिया टीवी, ज़ी न्यूज़,IBN 7 (न्यूज़ 18),Lemon न्यूज़ जैसे प्रमुख मीडिया संगठनों के साथ भी काम किया है। मनोरंजन,नागरिक मुद्दे ,इंफ्रा,राजनीति,आम और विधानसभा चुनाव और अपराध जैसे विषयों को बखूबी कवर किया है। वर्तमान में मुम्बई ब्यूरो से जुड़ा हुआ हूं। कई राष्ट्रीय मुद्दों से जुड़े कई विशेष खबरें भी कवर किया है।

और पढ़ें
End of Article