Gujarat News: गुजरात के भरूच जिले के दहेज स्थित बीईआईएल (BEIL) इंसीनेरेटर में राज्यभर से जब्त किए गए ₹2212 करोड़ मूल्य के मादक पदार्थों को वैज्ञानिक तरीके से नष्ट किया गया। इस दौरान गुजरात के गृह राज्यमंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि राज्य में ड्रग्स के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ आरोपियों को सजा दिलाने में भी सफलता मिली है और ड्रग मामलों में दोषसिद्धि (Conviction) की दर 65 प्रतिशत तक पहुंच गई है। गृह विभाग के अनुसार, राज्य के 23 जिलों में दर्ज 877 ड्रग्स मामलों में जब्त किए गए मादक पदार्थों का निस्तारण किया गया। इनमें पिछले एक वर्ष के दौरान जब्त की गई करीब 11.10 लाख नशीली दवाओं की बोतलें और 14,447 किलोग्राम विभिन्न प्रकार के ड्रग्स शामिल थे। इन सभी मादक पदार्थों को पर्यावरणीय मानकों का पालन करते हुए दहेज स्थित बीईआईएल के इंसीनेरेटर में नष्ट किया गया।
13 संदिग्ध आतंकियों की गिरफ्तारी
इस दौरान पुलिस महानिदेशक (DGP) ज्ञानेंद्र सिंह मलिक, के.एल. राव, गौतम परमार, संदीप सिंह, भरूच के कलेक्टर, एसपी सहित पुलिस और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में हर्ष संघवी ने आनंद में हुई पुलिस मुठभेड़ का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि चार वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के आरोपी द्वारा पुलिस टीम पर हमला किए जाने के बाद ऐसी स्थिति में उसे कैसे छोड़ा जा सकता था। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई का बचाव करते हुए यह बयान दिया। गुजरात में 13 संदिग्ध आतंकियों की गिरफ्तारी के मामले पर गृह राज्यमंत्री ने कहा कि इस संबंध में गुजरात एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) जल्द आधिकारिक बयान जारी करेगी।
पटाखा फैक्टरी विस्फोट मामले में SIT का गठन
अहमदाबाद की पटाखा फैक्टरी में हुए विस्फोट के मामले में उन्होंने बताया कि जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर दिया गया है। मामले की समीक्षा बैठक शाम को आयोजित की जाएगी, जिसके बाद अधिक जानकारी साझा की जाएगी। इस अवसर पर हर्ष संघवी ने राज्य के 278 पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को ड्रग्स के खिलाफ अभियान में उत्कृष्ट कार्य के लिए कुल ₹60 लाख के पुरस्कार चेक प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने गुजरात पुलिस के प्रयासों की सराहना करते हुए राज्य की जनता की ओर से पुलिस बल का आभार भी व्यक्त किया।
