छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की दिशा में गठित समिति के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जनजातीय समाज को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ किया कि समान नागरिक संहिता के प्रावधानों से जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं और रीति-रिवाजों को प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परंपराओं का संरक्षण राज्य सरकार की प्राथमिकता है। संविधान के आदर्शों को सुशासन का आधार बनाकर सरकार विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए काम कर रही है।
संविधान लोकतंत्र की शक्ति, सामाजिक न्याय और समानता का आधार : CM साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार 26 नवंबर को रायपुर के शहीद स्मारक भवन में संविधान गौरव दिवस पर आयोजित संगोष्ठी और प्रदर्शनी के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के जीवन और संविधान निर्माण में उनके योगदान पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। साथ ही 'संविधान से सुशासन तक : बाबा साहेब के सपनों का सशक्त छत्तीसगढ़' पुस्तक का विमोचन भी किया।
UCC से जनजातीय संस्कृति को सुरक्षित रखने का भरोसा
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता लागू करने की दिशा में समिति का गठन किया गया है। उन्होंने जनजातीय समाज की आशंकाओं को दूर करते हुए कहा कि उनकी सांस्कृतिक पहचान और पारंपरिक रीति-रिवाजों का संरक्षण किया जाएगा। इससे पहले उन्होंने अनुच्छेद 370 के अधिकांश प्रावधानों को निष्प्रभावी करने और तीन तलाक के खिलाफ कानून बनाने जैसे केंद्र सरकार के फैसलों का भी उल्लेख किया।
बस्तर में गनतंत्र पर लोकतंत्र की विजय
मुख्यमंत्री ने बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई और विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि नक्सली लोकतांत्रिक व्यवस्था की जगह गनतंत्र स्थापित करना चाहते थे, लेकिन वहां के लोगों ने लोकतंत्र में अपना विश्वास बनाए रखा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के नेतृत्व और सुरक्षाबलों की रणनीति से बस्तर में शांति और सुरक्षा का माहौल बन रहा है। अब दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
किसानों-महिलाओं के लिए योजनाओं का जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान की लोककल्याणकारी भावना के अनुरूप सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि राज्य में किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदा जा रहा है। कृषक उन्नति योजना के तहत आदान सहायता दी जा रही है। वहीं, महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये की आर्थिक सहायता मिल रही है।
आपातकाल का जिक्र कर लोकतांत्रिक अधिकारों की बात
मुख्यमंत्री ने 1975 के आपातकाल को याद करते हुए कहा कि उस दौरान नागरिक स्वतंत्रता और प्रेस की आजादी पर प्रतिबंध लगाए गए थे। उनके बड़े पिताजी नरहरि साय को भी विरोध के कारण 19 महीने जेल में रहना पड़ा था। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों का संघर्ष संवैधानिक मूल्यों की रक्षा की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद संतोष पांडेय, पूर्व न्यायमूर्ति गौतम भादुड़ी और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की समृद्धि, महिलाओं का सशक्तीकरण और युवाओं की प्रगति ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव बनेगी।
