ग्रेटर नोएडा में एक वेजिटेरियन युवती का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें युवती ने आरोप लगाया है कि ऑनलाइन खाना ऑर्डर करने पर उसे जानबूझकर नवरात्रों में नॉन बिरयानी भेजी गई। युवती ने एक वीडियो जारी कर यह आरोप लगाया है। इस वीडियो में युवती रोती हुई बोल रही है कि मैं प्योर वेजिटेरियन हूं। उसने ऑनलाइन फूड डिलीवरी ऐप से वेज बिरयानी मंगाई थी। लेकिन उसे चिकन बिरयानी भेजी गई। पुलिस ने इस मामले में रेस्टोरेंट कर्मी को हिरासत में ले लिया है।
युवती को बिरयानी खाने के बाद पता चला सच
यह मामला बिरसख थाना क्षेत्र में नवरात्र के समय का बताया जा रहा है। युवती ने 4 अप्रैल को वेज बिरयानी का ऑर्डर दिया था। थोड़ी ही देर बाद उसके पास बिरयानी आ गई। जब युवती ने बिरयानी खानी शुरू की, तब उसे पता चला कि यह चिकन बिरयानी है। युवती ने वीडियो में बताया कि उसने मामले की शिकायत करने के लिए रेस्टोरेंट में फोन भी किया। लेकिन किसी ने फोन उठाया नहीं। युवती ने आरोप लगाया है कि उसे नॉन वेज बिरयानी जानबूझकर भेजी गई है।
पहले भी आते रहे हैं ऐसे मामले
बता दें कि पहले भी कई बार इस तरह के मामले सामने आते रहे हैं, जहां ऑनलाइन वेज फूड ऑर्डर करने पर लोगों को नॉनवेज फूड भेजा गया। फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला काफी चर्चा में बना हुआ है। पुलिस ने इस वीडियो में संज्ञान लिया है और रेस्टोरेंट कर्मी को भी हिरासत में ले लिया है। जिससे पूछताछ के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
