Chhath : दिल्ली में छठ महापर्व को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। राजधानी के छठ घाटों पर बिजली, पानी, सुरक्षा, साफ-सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं समेत सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी की जा रही हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता खुद तैयारियों की लगातार समीक्षा कर रही हैं। शुक्रवार को भी मुख्यमंत्री ने जनसेवा सदन में अधिकारियों के साथ बैठक कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधियों से मिलीं सीएम रेखा गुप्ता (फोटो-@gupta_rekha)
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि छठ पूजा के दौरान किसी भी श्रद्धालु और व्रती को परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित विभागों की जिम्मेदारी तय कर दी गई है। साथ ही विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने और किसी भी कमी को तुरंत दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री के साथ अधिकारी भी कर रहे घाटों का निरीक्षण
छठ की तैयारियों को देखते हुए मुख्यमंत्री के अलावा वरिष्ठ अधिकारी और जिलों के डीएम भी लगातार घाटों का निरीक्षण कर रहे हैं। डीएम छठ पूजा समितियों और संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर घाटों, वहां तक पहुंचने वाले रास्तों, बिजली, पानी और साफ-सफाई की व्यवस्था जांच रहे हैं। निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।
16 नवंबर तक सभी व्यवस्थाएं रहेंगी पूरी
मुख्यमंत्री के निर्देश पर 16 नवंबर तक सभी घाटों पर जरूरी सुविधाएं और कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की जा रही है। दिल्ली पुलिस सुरक्षा और कानून-व्यवस्था संभालेगी, जबकि ट्रैफिक पुलिस श्रद्धालुओं की आवाजाही और वाहनों के संचालन पर नजर रखेगी। नगर निगम और एनडीएमसी घाटों और आसपास के इलाकों में सफाई और कचरा उठाने का काम करेंगे।
दिल्ली जल बोर्ड की ओर से पानी के टैंकर और पेयजल की व्यवस्था की जा रही है। वहीं, मोबाइल शौचालयों की उपलब्धता और उनकी सफाई की जिम्मेदारी दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड को दी गई है। बिजली विभाग और बिजली वितरण कंपनियां घाटों और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों पर रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगी।
घाटों पर डॉक्टर, एंबुलेंस और प्राथमिक उपचार की सुविधा
छठ पूजा के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का भी इंतजाम किया जा रहा है। प्रमुख घाटों पर डॉक्टर, पैरामेडिकल कर्मचारी, प्राथमिक उपचार केंद्र और एंबुलेंस उपलब्ध रहेंगी। जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को तुरंत चिकित्सा सहायता मिल सके, इसके लिए नजदीकी अस्पतालों और संबंधित एजेंसियों के बीच तालमेल बनाया जाएगा।
छठ के बाद भी होगी घाटों की सफाई
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने साफ किया है कि छठ पूजा खत्म होने के बाद भी घाटों की व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी। पर्व संपन्न होने के बाद घाटों और आसपास के इलाकों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। संबंधित एजेंसियों को सफाई की तस्वीरों के साथ अनुपालन रिपोर्ट भी तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि दिल्ली में रहने वाले पूर्वांचली परिवारों और सभी श्रद्धालुओं को छठ महापर्व मनाने के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक माहौल मिले।
