शहर

पटरी से उतरी चेन्नई-न्यू जलपाईगुड़ी सुपरफास्ट एक्सप्रेस, जानें पूरी डिटेल

ओडिशा के जाजपुर में जाखापुरा स्टेशन के पास आज सुबह एमजीआर चेन्नई सेंट्रल–न्यू जलपाईगुड़ी सुपरफास्ट एक्सप्रेस की एक बोगी पटरी से उतर गई। यह घटना सुबह 8:51 बजे हुई। यात्रियों को सुरक्षित अन्य कोचों में शिफ्ट किया गया।

Image

ओडिशा में पटरी से उतरी ट्रेन

जाजपुर : ओडिशा में जाखापुरा स्टेशन के पास आज यानी गुरुवार 5 फरवरी की सुबह एमजीआर चेन्नई सेंट्रल से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही सुपरफास्ट एक्सप्रेस की एक बोगी पटरी से उतर गई। रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह एक मामूली दुर्घटना थी। इस दुर्घटना में किसी भी यात्री के हताहत होने या जान-माल के नुकसान की खब नहीं है।

ईस्ट कोस्ट रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) दीपक राउत ने जानकारी दी कि यह घटना सुबह करीब 8:51 बजे हुई। उन्होंने कहा कि ट्रेन चेन्नई से न्यू जलपाईगुड़ी की ओर जा रही थी। इसी दौरान जाखापुरा स्टेशन के पास ट्रेन का एक कोच पटरी से उतर गया। घटना के तुरंत बाद रेलवे प्रशासन हरकत में आ गया और यात्रियों की मदद के लिए जरूरी कदम उठाए गए।

CPRO ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, 'जाखापुरा में एक मामूली डिरेलमेंट हुआ है। इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है और न ही किसी की जान गई है। प्रभावित यात्रियों को अन्य कोचों में एडजस्ट किया जा रहा है। तकनीकी टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। सभी यात्रियों को हर संभव मदद दी जा रही है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। रेलवे लाइन को जल्द ही बहाल कर दिया जाएगा।'

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए Helpline Number 8114382367 भी जारी किया है। इसके साथ ही राहत व बचाव कार्यों को तेज करने के लिए संबंधित टीमों को तुरंत सक्रिय किया गया। भद्रक (बीएचसी) और खुर्दा रोड (केयूआर) से दुर्घटना राहत ट्रेन (एआरटी) को सुबह 8:53 बजे रवाना होने का आदेश दिया गया। इसके अलावा खुर्दा रोड से दुर्घटना राहत चिकित्सा उपकरण (एआरएमई) भी मौके के लिए रवाना किया गया।

घटना के कारणों की जांच की जा रही है और आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

इनपुट - ANI

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article