शहर

Exclusive Video: होटल में हुई कहासुनी और फिर बुलडोजर से तोड़ डाला, भारी नुकसान

राजस्थान के जोधपुर से एक डराने वाला वीडियो सामने आया है। यहां एक होटल पर सिरफिरे ने क्रोध में आकर बुलडोजर चला दिया, जबकि उस समय होटल ग्राहकों के लिए खुला था। उसने जेसीबी लगाकर होटल के मुख्य हिस्से को गिरा दिया और वहां खड़ी गाड़ियों को भी भारी नुकसान पहुंचाया।

क्रोध, यह एक ऐसी चीज है, जिसमें व्यक्ति सही-गलत का फर्क भूल जाता है। राजस्थान के जोधपुर में क्रोध का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें एक व्यक्ति धड़धड़ाता हुआ बुलडोजर लेकर आया और होटल में जमकर तोड़फोड़ मचा दी। जेसीबी ने सबसे पहले होटल के बाहर खड़ी एक कार को निशाना बनाया और उसे बुरी तरह से नुकसान पहुंचाया। इसके बाद होटल के मुख्य हिस्से को भी तोड़ दिया। देखें इसका सीसीटीवी फुटेज -

दरअसल 3 फरवरी की रात को जोधपुर के धरती माता होटल और रेस्त्रां में एक व्यक्ति ने बुलडोजर लेकर खूब तांडव मचाया। कानून की धज्जियां उड़ाता हुआ व्यक्ति बुलडोजर लेकर होटल में पहुंचा और जमकर तोड़फोड़ की। खबर जोधपुर के करवड़ थाना क्षेत्र की है, जहां एक मामूली कहासुनी ने ऐसा हिंसक रूप ले लिया।

कार और अन्य गाड़ियों में तोड़फोड़

होटल में कहासुनी के बाद आरोपी मालाराम विश्नोई ने बुलडोजर लेकर होटल के मुख्य हिस्से को तोड़ दिया। इतना ही नहीं आरोपी ने होटल परिसर में खड़ी एक स्कॉर्पियो, टैंकर सहित कुछ अन्य वाहनों को भी भारी नुकसान पहुंचाया। अचानक हुई इस घटना से होटल और रेस्त्रां में दहशत फैल गई।

मिली जानकारी के अनुसार एक दिन पहले होटल में किसी बात को लेकर आरोपी मालाराम विश्नोई की कहासुनी हो गई थी। इसी रंजिश में आरोपी अपने साथियों के साथ देर रात बुलडोजर लेकर होटल में पहुंच गया और होटल पर हमला किया। होटल के मालिक चौखाराम और जितेंद्र ने इस मामले में पुलिस को शिकायत दी है।

आरोपी मालाराम हिरासत में

घटना की खबर मिलने पर करवड़ थाना प्रभारी परमेश्वरी विश्नोई मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को समझते हुए पूरी रात इलाके में दबिश दी गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बुलडोजर को जब्त करके आरोपी मालाराम को हिरासत में ले लिया। इस घटना में मालाराम का साथ देने वाले आरोपी श्यामलाल और प्रेमदास की तलाश अभी जारी है।

पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि पास की नदी में लंबे समय से अवैध खनन का काम किया जा रहा है। इस अवैध खनन में मालाराम और उसका परिवार संलिप्त है। मालाराम को शक था कि होटल पक्ष ने अवैध खनन की शिकायत की है। तोड़फोड़ के दौरान आरोपी मालाराम ने वहां खड़ी कार, एक डंपर और अन्य गाड़ियों को बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया।

पुलिस ने बताया कि फिलहाल 2 आरोपियों को पकड़ लिया गया है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार अवैध खनन के एंगल से भी मामले की जांच की जा रही है। बताया कि क्षेत्र में अवैध खनन को लेकर पहले से भी शिकायतें मिलती रही हैं। खैर अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में किस तरह की कार्रवाई करती है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article