LPG Crisis in Tamil Nadu: कमर्शियस एलपीजी सिलेंडर की कमी के कारण तमिलनाडु में कारोबार पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है। जिसके कारण चेन्नई और राज्य के कुछ हिस्सों में आज कई होटल और रेस्तरां में छुट्टी घोषित कर दी गई है। एलपीजी आपूर्ति बाधित होने से ग्राहकों को भी परेशानी हो रही है। सुबह-सुबह चाय-कॉफी के लिए पहुंचे ग्राहकों ने होटलों के बंद रहने पर निराशा जताई और आशा जताई कि केंद्र सरकार स्थिति सुधारने के लिए जरूरी कदम उठाएगी। वहीं होटल संचालकों ने चेतावनी दी कि अगर आपूर्ति जल्द बहाल नहीं हुई तो हालात और गंभीर हो सकते है।
सांकेतिक फोटो
घरेलू LPG आपूर्ति भी पर पड़ सकता है असर
शहर के एक लोकप्रिय होटल में बुधवार को लगे नोटिस में लिखा था, ’’एलपीजी आपूर्ति न होने के कारण 11 मार्च 2026 को छुट्टी घोषित की गई है।’’
वहां कॉफी पीने आए एक निवासी ने तियागराया नगर स्थित होटल में छुट्टी घोषित होने के बाद कहा, ’’अगर वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति की यही स्थिति रही तो घरेलू एलपीजी आपूर्ति पर भी इसका असर पड़ सकता है। घरेलू गैस की बुकिंग अवधि पहले ही 21 दिनों से बढ़ाकर 25 दिन कर दी गई है। हमें नहीं पता कि हम क्या करेंगे।’’
होटल मेन्यू से फूड वैरायटी हुई कम
होटल संघ ने 10 मार्च को अपने कारोबार को जारी रखने को लेकर चिंता जताई थी, क्योंकि कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर का मौजूदा भंडार ’’केवल एक या दो दिन के लिए ही पर्याप्त होगा।’’ ईस्ट कोस्ट रोड स्थित एक प्रसिद्ध होटल के मालिक ने कहा, ’’हमने इडली, सांभर और वड़ा तैयार किए हैं। हमने डोसे की विभिन्न किस्में हटा दी हैं। दोपहर और रात के खाने की सूची में केवल विभिन्न प्रकार के चावल होंगे, क्योंकि डोसा और फ्राइड राइस के लिए एलपीजी की निरंतर आपूर्ति आवश्यक है।’’ राज्य के होटलों और रेस्तरांओं का प्रतिनिधित्व करने वाले तमिलनाडु होटल एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने 10 मार्च को मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन से मुलाकात की और उन्हें स्थिति से अवगत कराया।
(इनपुट - भाषा)
