खुल गए बद्रीनाथ धाम के कपाट, 'फूलों की भव्य सजावट' से सजा मंदिर, जय जयकार लगाते दर्शन को उमड़े भक्त

Char Dham Yatra 2025: बद्रीनाथ धाम के कपाट 6 महीने के लिए आज, 4 मई को सुबह 6 बजे भक्तों के लिए खोल दिए गए हैं। मंदिर को 15 टन फूलों से सजाया गया है, जिससे मंदिर की खूबसूरती में चार चांद लग गए हैं। इस अद्भुत नजारे को देखने के लिए भारी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।

Badrinath Dham Yatra: यमुनोत्री-गंगोत्री और केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के बाद अब बद्रीनाथ धाम के कपाट भी खुल गए हैं। आज यानी रविवार 4 मई को बद्रीनाथ धाम के कपाट सुबह 6 बजे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। इस दौरान भारी संख्या में श्रद्धालु बद्रीनाथ धाम दर्शन के लिए पहुंचे। शुभ मुहूर्त पर तीर्थ पुरोहितों द्वारा पूर्ण विधि विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की गई। भारी सुरक्षा बल की उपस्थिति और ढोल-नगाड़ों व आर्मी बैंड की मधुर धुन के बीच, हजारों की संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने 'जय बद्री विशाल' और 'बद्रीनाथ भगवान की जय' के जयकारे लगाए, जिससे पूरा बद्रीनाथ धाम परिसर भक्तिमय हो उठा। देश-विदेश से बद्रीनाथ मंदिर के दर्शन करने आए श्रद्धालु आज इस पावन कपाटोद्घाटन बेला के साक्षी बने। इसकी के साथ 6 महीने के लिए बद्रीनाथ धाम की यात्रा शुरू हो गई है।

रंग-बिरंगे फूलों से मंदिर को सजाया गया

चार धाम की इस साल की यात्रा के लिए बद्रीनाथ मंदिर के कपाट खुलने से पूर्व मंदिर को लगभग 15 टन रंग-बिरंगे और सुगंधित फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है। फूलों की सजावट ने मंदिर की सुंदरता में चार चांद लगा दिए। सुबह बद्रीनाथ धाम के मुख्य पुजारी, धर्माधिकारी व वेदपाठियों द्वारा मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। विधि विधान से माता लक्ष्मी को गर्भगृह से निकलकर मंदिर की परिक्रमा कराकर लक्ष्मी मंदिर में विराजमान किया गया।

End of Feed