जालंधर : पंजाब सतर्कता ब्यूरो (विजलेंस) ने राज्य में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक रमन अरोड़ा के जालंधर स्थित आवास पर भ्रष्टाचार के एक मामले में शुक्रवार को छापेमारी की। जांच के बाद उन्हें विजिलेंस टीम ने गिरफ्तार कर लिया। रमन अरोड़ा (54) जालंधर सेंट्रल सीट से विधायक हैं। सूत्रों ने बताया कि यह छापेमारी जालंधर में कुछ अधिकारियों के माध्यम से निर्दोष लोगों को भेजे गए कथित झूठे नोटिस से संबंधित है, जिसमें अरोड़ा की भूमिका जांच के दायरे में आ गई है। संपर्क करने पर आप के प्रवक्ता नील गर्ग ने अरोड़ा के घर पर छापेमारी की पुष्टि की है।
विधायक रमन अरोड़ा गिरफ्तार
सीएम भगवंत मान ने कही बड़ी बात
राज्य सरकार ने हाल ही में अरोड़ा की सुरक्षा वापस ले ली थी, जिसके बाद विधायक ने मीडिया से कहा था कि उन्हें इस कदम के पीछे के कारण की जानकारी नहीं है। इससे पहले, अरोड़ा की सुरक्षा में कथित तौर पर 14 बंदूकधारी तैनात थे। अपने ही विधायक की गिरफ्तारी के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि 2022 में जब लोगों की तरफ से दी गई जिम्मेदारी को हमने संभाला था तो हम एक गारंटी देकर आए थे कि किसी भी सूरत में भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आज फिर स्पष्ट हो गया कि आम आदमी पार्टी कुछ नहीं देखती चाहे कोई अपना हो या कोई ना हो। भ्रष्टाचार के घुन ने सिस्टम को खोखला किया है, जिसके प्रति हमारी लड़ाई जारी रहेगी। हमारी सरकार सिस्टम को पूरी तरह से साफ करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार में छोटे छोटे व्यपारी और दुकानदारों को परेशान करने नहीं दिया जाएगा। दुकानदारों से अपील करता हूं कि हमारा कोई भी नेता या अन्य अगर डर दिखाकर भ्रष्टाचार का दबाव बना रहा है तो शिकायत करें। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि सभी अधिकारियों और नेताओं को बताना चाहता हूं गलत करने पर किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
भगवंत मान ने कहा कि पंजाब के लोगों से विनती करता हूं कि अगर आपकी नजर में कोई भी बड़ा या छोटा नेता हो, हमें बताएं हम उस पर कार्रवाई जरूर करेंगे। यह भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई है, इसको जारी रखेंगे और जीतेंगे भी।
