चण्डीगढ़

Punjab: बठिंडा में चकबंदी को लेकर पुलिस से भिड़े किसान, पुलिस उपाधीक्षक घायल

पंजाब के बठिंडा में किसानों और पुलिस के बीच झड़प हो गई है। इस झड़प में बठिंडा डीएसपी घायल हो गए हैं। उनके हाथ की हड्डी टूट गई है।

Image

घायल डीएसपी डीएसपी राहुल भारद्वाज

पंजाब में बठिंडा जिले के एक गांव में सोमवार को कृषि भूमि के सीमांकन और चकबंदी को लेकर किसानों के एक समूह की सुरक्षाकर्मियों के साथ हुई झड़प में एक पुलिस उपाधीक्षक के हाथ की हड्डी टूट गई और उनका अंगरक्षक घायल हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

कैसे हुई झड़प

भारती किसान यूनियन (एकता उगराहां) के बैनर तले किसान कृषि भूमि के सीमांकन की प्रक्रिया की जानकारी होने पर रामपुरा के जिओंद गांव पहुंचे और उन्होंने अधिकारियों को ऐसा करने से रोकने की कोशिश की। इस प्रक्रिया के लिए गांव में बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी तैनात किये गए थे। इस बीच प्रदर्शनकारी किसानों की पुलिस के साथ झड़प हो गई और पुलिस उपाधीक्षक राहुल भारद्वाज की हाथ की हड्डी टूट गई।

किसानों की मांग

भाकियू (एकता उगराहां) के वरिष्ठ उपाध्यक्ष झंडा सिंह जेठूके ने सरकार पर कंपनियों के हाथों में खेलने और कृषि भूमि का स्वामित्व उन्हें सौंपने की योजना बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन भूमि की चकबंदी करने का प्रयास करेगा तो वे इसकी अनुमति नहीं देंगे तथा गांव में सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे। जेठुके ने कहा, ‘‘जैसे ही हमें इसकी जानकारी मिली, किसानों से मौके पर पहुंचने का आह्वान किया गया।’’

प्रदर्शनकारी किसानों की ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त किए जाने के बाद अधिकारियों और किसानों के बीच झड़प शुरू हुई।

किसानों पर केस दर्ज

जेठूके ने सरकार पर ‘‘किसान विरोधी’’ होने का आरोप लगाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमनीत कोंडल ने कहा कि किसानों के खिलाफ ड्यूटी पर तैनात अधिकारी पर कथित रूप से हमला करने और राजस्व अधिकारियों को उनके कर्तव्य पालन में बाधा पहुंचाने के आरोप में मामला दर्ज किया जाएगा।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article