चण्डीगढ़

Haryana: छापेमारी के लिए गई नारकोटिक्स की टीम पर गंडासों से हमला, पुलिस को करनी पड़ी हवाई फायरिंग; SI घायल

हरियाणा के करनाल जिले के तरावड़ी कस्बे में तनावपूर्ण माहौल बन गया जब नारकोटिक्स विभाग की टीम पर छापेमारी के दौरान जानलेवा हमला हुआ। NDPS एक्ट के तहत दर्ज मामले में कार्रवाई करते समय स्थानीय लोगों ने टीम पर लाठियों और गंडासियों से हमला कर दिया, जिसमें SI रोहताश गंभीर रूप से घायल हो गए।

Image

घटनास्थल पर मौजूद पुलिस अधिकारी

Photo : Times Now Digital

Haryana News: हरियाणा के करनाल जिले के तरावड़ी कस्बे की दुर्गा कॉलोनी बीती रात युद्ध के मैदान में तब्दील हो गई, जब वहां छापेमारी करने पहुंची नारकोटिक्स टीम पर जानलेवा हमला कर दिया गया। यह कार्रवाई NDPS एक्ट के तहत दर्ज केस में की जा रही थी।

छापेमारी के दौरान हुआ हमला

जानकारी के मुताबिक, नारकोटिक्स विभाग की टीम जब तरावड़ी स्थित दुर्गा कॉलोनी में छापा मारने पहुंची, तो वहां के कुछ लोगों ने टीम पर अचानक हमला बोल दिया। आरोपियों ने लाठियों और गंडासियों से SI रोहताश पर ताबड़तोड़ वार किए। हमला इतना घातक था कि SI गंभीर रूप से घायल हो गए।

हवाई फायर कर संभाले हालात

स्थिति बिगड़ती देख तुरंत डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने के लिए हवा में फायरिंग करनी पड़ी। इस त्वरित और साहसिक कार्रवाई से टीम के अन्य सदस्यों की जान बचाई जा सकी। अगर समय पर कार्रवाई नहीं होती, तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था।

पहले से दर्ज था केस

थाना प्रभारी राजपाल ने बताया कि दो दिन पहले ही नारकोटिक्स टीम ने NDPS एक्ट के तहत एक मामला दर्ज किया था। उसी मामले में आगे की कार्रवाई के लिए यह छापेमारी की जा रही थी। हमले के बाद पुलिस ने संबंधित आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस बीच, घायल SI रोहताश को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article