Chandigarh Kisan Andolan: हरियाणा के सुरक्षा कर्मियों ने कुछ युवा किसानों द्वारा बुधवार को पंजाब और हरियाणा के शंभू बॉर्डर पर कई चरणों वाले अवरोधकों की ओर बढ़ने के बाद आंसू गैस के गोले छोड़े। हरियाणा पुलिस ने सुबह करीब 11 बजे आंसू गैस के गोले छोड़े जिसके बाद युवा किसान बचने के लिए इधर-उधर भागते दिखे। पंजाब और हरियाणा के बीच दो सीमा बिंदुओं पर प्रदर्शन कर रहे किसान बुधवार को अपना ‘‘दिल्ली चलो’’ मार्च फिर से शुरू कर रहे हैं। वहीं पुलिस ने किसानों को नियंत्रण में करने के लिए 30 हजार से अधिक आंसू गैस के गोलों का इंतजाम कर रखा है।
किसान आंदोलन चंडीगढ़: शंभू और खनौरी बॉर्डर पर किसानों का डेरा
सरकारी एजेंसियों द्वारा पांच साल तक दालें, मक्का और कपास न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदने के केंद्र के प्रस्ताव को खारिज करने के बाद वे अपना आंदोलन फिर से शुरू कर रहे हैं। हजारों किसानों ने 13 फरवरी को दिल्ली की ओर मार्च शुरू किया था। इन किसानों को हरियाणा सीमा पर ही रोक दिया गया था, जहां उनकी सुरक्षाकर्मियों से झड़प हुई थी। किसान तब से हरियाणा के साथ लगती पंजाब की सीमा पर शंभू और खनौरी बॉर्डर पर डेरा डाले हुए हैं।
किसान आंदोलन चंडीगढ़: 30,000 गोलों का भंडार
संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा फसलों के लिए एमएसपी पर कानूनी गारंटी और कृषि कर्ज माफी समेत अपनी मांगों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार पर दबाव बनाने के लिए ‘दिल्ली चलो’ मार्च का नेतृत्व कर रहे हैं। दिल्ली पुलिस शहर की सीमाओं पर ही किसानों को रोकने के लिए तैयार हैं। उन्होंने बताया कि सुरक्षा कर्मियों को एक भी प्रदर्शनकारी या वाहन को दिल्ली में प्रवेश न करने देने का निर्देश दिया गया है। किसानों को रोकने के लिए पुलिस ने अभ्यास भी किया।दिल्ली पुलिस ने पहले ही आंसू गैस के 30,000 गोलों का भंडार किया हुआ है। अधिकारी ने बताया कि मध्य दिल्ली तक जाने वाली विभिन्न सड़कों पर वाहनों की तलाशी के कारण बुधवार को यातायात जाम हो सकता है।
