Chandigarh Accident News: चंडीगढ़-जीरकपुर सीमा पर शुक्रवार को तेज रफ्तार कार ने पुलिस नाके को टक्कर मार दी। जिससे पुलिस के एक कांस्टेबल और एक होमगार्ड स्वयंसेवक समेत तीन लोगों की मौत हो गई। इस दुर्घटना में होली के लिए अपने पैतृक घर जा रहे 30 वर्षीय एक व्यक्ति की भी मौत हो गई।
वाहनों की जांच के दौरान कार ने मारी टक्कर
पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना शुक्रवार तड़के उस समय हुई जब पुलिस द्वारा नाके पर वाहनों की जांच की जा रही थी। पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) जसविंदर सिंह ने फोन पर बताया, ‘‘घटना के समय चंडीगढ़-जीरकपुर सीमा पर वाहनों की जांच की जा रही थी, तभी एक कार तेज गति से आई और उन्हें टक्कर मार दी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इस दुर्घटना में नाके पर ड्यूटी में तैनात एक कांस्टेबल, एक होम गार्ड स्वयंसेवक और एक अन्य नागरिक की मौत हो गई।’’ उन्होंने बताया कि कार चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
कार के बाहर खड़ा था शख्स
पुलिस उपाधीक्षक ने कहा कि नाके पर 30 वर्षीय व्यक्ति की भी कार की तलाशी ली जा रही थी, घटना के समय वह अपने वाहन के बाहर खड़ा था। गुरुग्राम में एक फोन कंपनी में काम करने वाला यह व्यक्ति चंडीगढ़ के पास मुलनपुर स्थित अपने घर आ रहा था। इस हादसे में तीन मृतकों में यह व्यक्ति भी शामिल है।
(इनपुट - भाषा)
