Haryana Weather Today: हरियाणा में मानसून की विदाई के बाद गर्मी का तांडव जारी है। सितंबर माह में भी गर्मी से लोगों का बुरा हाल है। हालांकि आज रात से मौसम करवट बदलने वाला है। हरियाणा में अब से रातें ठंडी होने वाली है। पहाड़ों की ओर से आने वाली उत्तर पश्चिम हवाओं के कारण तापमान में भी गिरावट आएगी। इस दौरान करीब 2 से 3 डिग्री तक पारा नीचे लुढ़क सकता है। जिससे रात में गर्मी कम होगी और ठंड का एहसास बढ़ेगा।
हरियाणा में लोग गर्मी से परेशान (सांकेतिक फोटो|PTI)
हरियाणा में करनाल-पलवल रहे सबसे गर्म
हरियाणा में शनिवार को सबसे अधिक तापमान करनाल और पलवल में दर्ज किया गया। इस दौरान अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं सबसे कम तापमान महेंद्रगढ़ में 22.4 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश में जिन इलाकों में अधिक बारिश हुई है वहां स्मॉग भी नजर आने लगा है। रविवार को सुबह के समय अंबाला समेत कुछ जगहों पर हल्का स्मॉग दिखा। यह स्मॉग की चादर ओस और धुएं के मिलने के कारण नजर आ रही है।
दिन के तापमान में भी होगी गिरावट
मौसम विभाग के अनुसार आज रात से बंगाल की खाड़ी और राजस्थान के ऊपर एक एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने का अनुमान है। जिसके प्रभाव से तापमान में गिरावट आने की संभावना है। जिससे दिन के तापमान में भी 2 से 3 डिग्री की गिरावट देखने को मिल सकती है। वर्तमान में अधिकतम पारा 32 से 35 डिग्री तक दर्ज किया जा रहा है, जो गिरावट के बाद 30 से 32 डिग्री तक पहुंच सकता है। इसके साथ ही रात में भी तापमान में कमी देखने को मिलेगी।
