Kurukshetra Road Accident: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में सोमवार सुबह भीषण हादसा हो गया। दो कारों की आमने-सामने से जोरदार भिड़ंत हो गई। जिसमें 5 लोगों की मौत हो गई। यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों गाड़ियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। स्थानीय लोगों ने अंदर फंसे लोगों को बचाने के लिए गाड़ी के दरवाजे काटे। लेकिन 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में घायल हुए पांच अन्य को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
कार में सवार 6 लोगों में से 5 की मौत
न्यूज एजेंसी भाषा के अनुसार, आदर्श थाना के थाना प्रभारी (एसएचओ) दिनेश सिंह ने बताया कि यह हादसा कैथल-कुरुक्षेत्र मार्ग पर सुबह करीब 7 बजे घरारसी गांव के पास हुआ। माना जा रहा है कि हादसे के दौरान वाहन तेज गति से जा रहे थे। पुलिस ने बताया कि अंबाला के बुबका गांव से छह यात्रियों को लेकर जा रही एक कार इस टक्कर में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उसमें सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान प्रवीण (स्वराज का पुत्र), पवन और राजेंद्र (बाल किशन के पुत्र), उर्मिला (पवन की पत्नी) और सुमन (संजय की पत्नी) के रूप में हुई है। एक अन्य यात्री 18 वर्षीय वंशिका को गंभीर चोटें आईं हैं और उसका इलाज चल रहा है।
दूसरी कार में सवार थे 4 लोग
पुलिस ने बताया कि दूसरी कार में सवार चार लोग भी घायल हो गए। उनकी पहचान पपनवा जाति रोड निवासी धर्मपाल की पत्नी संतोष (45), ऋषिपाल (55 वर्ष, पुत्र कर्म सिंह) ऋषिपाल की पत्नी लीला देवी (52) और जीता राम के पुत्र प्रवीण (40) के रूप में हुई है। वे इलाज के लिए अंबाला के मुलाना जा रहे थे। बताया जा रहा है कि लीला देवी की हाल ही में एक सर्जरी हुई थी और उन्हें आगे की देखभाल के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घायलों को इलाज के लिए लोक नायक जय प्रकाश नारायण अस्पताल ले जाया गया है।
(इनपुट - भाषा)
