Haryana Restaurants: हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि हरियाणा में रेस्तरां को चौबीसों घंटे संचालित करने की अनुमति दी जाएगी। यह फैसला चौटाला की अध्यक्षता में हुई कई विभागों की बैठक में लिया गया। एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि बैठक में श्रम और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री अनूप धानक भी मौजूद थे। चौटाला ने बयान में कहा कि भविष्य में हरियाणा में रेस्तरां 24 घंटे खुले रहेंगे। उन्हें रात में बंद करने का नियम नहीं होगा।
रेस्तरां संघों के पदाधिकारियों की थी मांग
इसमें कहा गया है कि राज्य भर के रेस्तरां संघों के पदाधिकारियों ने हाल ही में चौटाला से मुलाकात की थी और मांग की थी कि राज्य सरकार उन्हें अपने प्रतिष्ठान 24 घंटे खुले रखने की अनुमति दे ताकि लोगों को उनकी सुविधा के अनुसार भोजन मिल सके। चौटाला ने अधिकारियों से कहा कि जो रेस्तरां 24 घंटे खुले रहना चाहते हैं, वे ऐसा कर सकते हैं और किसी को भी उन्हें बंद करने के लिए मजबूर नहीं करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हालांकि, इन भोजनालयों को श्रम विभाग में पंजीकरण कराना होगा और पंजाब दुकानें और वाणिज्यिक प्रतिष्ठान अधिनियम, 1958 के अन्य नियमों और शर्तों का पालन करना होगा।
