Panchkula Suicide: हरियाणा के पंचकूला से दिल्ली के बुराड़ी कांड जैसी घटना सामने आई है। यहां एक परिवार के सात सदस्यों ने जहर खाकर जान दे दी। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। पंचकूला के सेक्टर 27 में हुई इस घटना के बाद सबको अस्पताल ले जाया गया जहां एक व्यक्ति को छोड़कर सबको मृत घोषित कर दिया गया। इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच शुरू की।
मामला पंचकूला के सेक्टर 27 का है। मूल रूप से देहरादून के निवासी प्रवीण मित्तल अपने परिवार सहित पंचकूला में हो रही बागेश्वर धाम की हनुमंत कथा कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद देहरादून वापस जाते हुए उन्होंने सामूहिक आत्महत्या का यह कदम उठाया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सेक्टर 27 में एक मकान के बाहर सड़क पर खड़ी गाड़ी में सबने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी।
मृतकों में प्रवीण मित्तल उम्र 42 वर्ष निवासी देहरादून, प्रवीण के माता पिता, प्रवीण की पत्नी और 2 बेटी और एक बेटे सहित तीन बच्चे शामिल हैं। पुलिस ने मौके से सुसाइड नोट भी बरामद किया। सूत्रों के अनुसार प्रवीण के परिवार पर भारी कर्ज था। पंचकूला डीसीपी हिमाद्री कौशिक और डीसीपी लॉ एंड ऑर्डर अमित दहिया मौके पर पहुंच कर जांच में जुटे और सभी सातों शवों को पंचकूला के निजी अस्पतालों के शव गृह में रखवाया गया। पूरी स्थिति अब भी साफ नहीं हो पाई है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
