Chandigarh: चंडीगढ़ और आसपास के राज्यों के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। अब चंडीगढ़ पीजीआई में कैंसर मरीजों को हाईटेक इलाज की सुविधा मिल सकेगी। कैंसर का इलाज के लिए पीजीआई 40 करोड़ रुपये की अत्याधुनिक मशीनें खरीदने जा रहा है। संस्थान की तरफ से इस मशीन की खरीद प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पीजीआई प्रशासन के अनुसार यहां पर जल्द ही मरीजों को कम समय में बेहतर इलाज मिलना शुरू हो जाएगा। इन महंगी और अत्याधुनिक मशीनों को खरीदने का कारण पुरानी मशीनों पर बहुत ज्यादा दबाव और मरीजों की संख्या में होने वाला लगातार इजाफा है।
चंडीगढ़ पीजीआई
पीजीआई रेडियोथैरेपी और ओंकोलॉजी व टेरटरी कैंसर सेंटर के प्रमुख प्रो. राकेश कपूर ने बताया कि पीजीआई प्रशासन अपने बचे हुए बजट से इन मशीनों को खरीद रहा है। जिससे यहां आने वाले मरीजों को बेहतर इलाज दिया जा सके। प्रो. कपूर के अनुसार, पीजीआई में मौजूदा समय जिस लिनियर एक्सीलरेटर मशीन से मरीजों को थैरेपी दी जा रही है, एक दशक पुरानी है। अब इस संस्थान पर मरीजों का दबाव बहुत ज्यादा बढ़ गया है। जिससे संस्थान के साथ मरीजों को भी परेशानी हो रही है। पीजीआई द्वारा जिन मशीनों को खरीदने की तैयारी की जा रही है, उनमें सीटी सैम्यूलरेटर, हाई एनर्जी लिनियर एक्सीलरेटर मशीन और ब्रेकी थैरेपी से जुड़े उपकरण शामिल हैं।
