कनाडा के एडमोंटन में कार में बैठे दो भारतीयों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दोनों पंजाब के रहने वाले थे। मृतकों की पहचान बर्रे गांव के 27 वर्षीय गुरदीप सिंह और उद्दत सैदेवाला गांव के 19 वर्षीय रणवीर सिंह के रूप में हुई है। रणवीर के चाचा मनदीप सिंह ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दोनों की हत्या शुक्रवार को की गई थी।
कनाडा में पंजाब के दो युवकों की हत्या।
रणवीर के चाचा मनदीप सिंह ने बताया कि गुरदीप दो साल पहले कनाडा गया था और वर्क परमिट की मंजूरी का इंतजार कर रहा था। वहीं, रणवीर डेढ़ साल पहले पढ़ाई करने के लिए वहां गया था। दोनों शुक्रवार को एक जन्मदिन की पार्टी से निकल कर घर आ रहे थे। जैसे ही वे कार में बैठे इसके कुछ देर बाद ही उन्हें गोली मार दी गई। रणवीर सिंह ड्राइवर की सीट पर बैठे थे, उनके बगल में गुरदीप सिंह थे। वहीं, कार में कुछ अन्य लोग भी थे जो पीछे बैठे थे।
रणवीर के चाचा मनदीप सिंह ने बताया कि हमलावर कार में आए और ताबड़तोड़ गोलियां चलाने लगे। इसके बाद हमलावर तेजी से वहां से भाग गए। उन्होंने कहा कि रणवीर और गुरदीप की इस हमले में मौत हो गई। रणवीर के गांव मानसा में रहने वाले मनदीप सिंह ने बताया कि परिवार को संदेह है कि दोनों गलत पहचान के शिकार हुए हैं, क्योंकि कार किसी और की थी।
उन्होंने कहा कि रणवीर की कभी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी और न ही कभी किसी से कोई छोटी-मोटी लड़ाई हुई थी। अब तक जो जानकारी मिली है, उससे यही लगता है कि यह गलत पहचान का मामला हो सकता है… रणवीर अपने एक दोस्त के साथ एडमोंटन में एक जन्मदिन की पार्टी में गया था।
मनदीप सिंह ने बताया कि रणवीर के पिता किसान हैं। वहीं, वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। उनके परिवार के कई सदस्य कनाडा में बसे हुए हैं। उन्होंने कहा कि रणवीर पढ़ाई में बहुत अच्छा था। हमने उससे कहा था कि वह भारत में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करके यहां भी अच्छी नौकरी पा सकता है। कनाडा में रहने वाले हमारे कई रिश्तेदारों ने भी उन्हें यहीं पढ़ाई करने की सलाह दी थी। लेकिन वह विदेश जाने के लिए उत्सुक था।
घटना के बाद से पंजाब में दोनों परिवारों में शोक का माहौल है। कनाडा पुलिस मामले की जांच कर रही है, हालांकि अभी तक हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है।
