कांग्रेस ने शनिवार को 23 दिसंबर को होने वाले चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए 30 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। यह सूची चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष एच. एस. लक्की ने जारी की।इस सूची में सामान्य, अनुसूचित जाति और महिलाओं के लिए आरक्षित वार्डों के उम्मीदवार शामिल हैं।लक्की ने कहा, ’’हमने नगर निगम चुनाव के लिए 30 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है।
प्रतीकात्मक फोटो
पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ विचार-विमर्श, परामर्श और सर्वेक्षण करने के बाद इसे अंतिम रूप दिया गया है। इस संबंध में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व, चंडीगढ़ के सांसद मनीष तिवारी और अन्य नेताओं की राय भी ली गई।’’
उन्होंने चंडीगढ़ के लोगों से अपील की कि वे बेहतर चंडीगढ़ के लिए कांग्रेस को वोट दें और पार्टी के उम्मीदवारों को विजयी बनाएं।आम आदमी पार्टी (AAP) ने भी शनिवार को अगले महीने होने वाले नगर निगम चुनाव के लिए उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी की और आठ और प्रत्याशियों के नाम घोषित किए।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें: परिसीमन विधेयक राष्ट्रविरोधी, अगर यह पारित हुआ तो देश में अराजकता फैल जाएगी: हर्षवर्धन सपकाल
पूर्व महापौर कुलदीप और मौजूदा पार्षद अंजू कत्याल फिर से उम्मीदवार
इससे पहले आप ने 23 नवंबर को आठ वार्डों के लिए उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की थी। पार्टी ने करीब दो सप्ताह पहले नौ वार्डों के लिए पहली सूची जारी की थी। पूर्व महापौर कुलदीप कुमार और मौजूदा पार्षद अंजू कत्याल को फिर से उम्मीदवार बनाया गया है।भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को चुनाव के लिए 23 उम्मीदवारों की सूची जारी की थी। नगर निगम सदन में फिलहाल बहुमत रखने वाली भाजपा की सूची में मौजूदा महापौर सौरभ जोशी का नाम भी शामिल है।पार्टी के वरिष्ठ नेता देवेंद्र बबला और गुरबख्श रावत को भी उम्मीदवार बनाया गया है।
35 वार्डों के पार्षदों के चुनाव के लिए 23 दिसंबर को मतदान
चंडीगढ़ नगर निगम के 35 वार्डों के पार्षदों के चुनाव के लिए 23 दिसंबर को मतदान होगा, जबकि मतगणना 26 दिसंबर को की जाएगी।नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 26 नवंबर से शुरू हो चुकी है। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तारीख तीन दिसंबर है। नामांकन पत्रों की जांच चार दिसंबर को होगी, जबकि सात दिसंबर तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे। चुनाव में 4.60 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के पात्र हैं। इनमें 2,34,516 पुरुष, 2,25,671 महिलाएं और 22 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।
