Chamoli Accident: उत्तराखंड के चमोली में दर्दनाक हादसा हो गया है। बद्रीनाथ हाइवे पर एक बस बेकाबू होकर पहाड़ी से टकराकर पलटी गई। बस में सेना के 31 जवान सवार थे। इस हादसे में 6 जवान समेत 7 लोग घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस ने घायलों को एम्बुलेंस से प्राथमिक उपचार के लिए उपजिला अस्पताल कर्णप्रयाग भेजा है।
चमोली में हादसा
जवानों से मिलने पहुंचे उपजिलाधिकारी
प्राइवेट कंपनी की बस में सवार आर्मी जवान जोशीमठ से रायवाला जा रहे थे। इसी दौरान सोनला में यह बस अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई। हादसे की सूचना पाकर उपजिलाधिकारी कर्णप्रयाग सोहन सिंह रांगड अस्पताल पहुंचे और घायल जवानों का हाल जाना। साथ ही अस्पताल प्रशासन को बेहतर उपचार के निर्देश भी दिए।
जोशीमठ से रायवाला जा रही थी बस
न्यूज एजेंसी भाषा के अनुसार चमोली के जिलाधिकारी डॉ. संदीप तिवारी ने बताया कि हादसा नंदप्रयाग के पास सोनला में हुआ, जहां जवानों से भरी बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गयी। उन्होंने बताया कि जोशीमठ से रायवाला जा रही इस बस में ड्राइवर के अलावा सेना के 31 जवान सवार थे। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में सेना के छह जवान और वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें कर्ण प्रयाग के सरकारी अस्पताल में भर्ती किया गया है। उन्होंने बताया कि शेष जवान मामूली रूप से घायल हुए हैं।
