शहर

बक्सर में जयमाला के दौरान सिरफिरे आशिक ने दुल्हन को मारी गोली, हालत नाजुक

बिहार के बक्सर में जयमाला के दौरान एक युवक ने दुल्हन को गोली मारकर फरार हो गया। घायल दुल्हन को वाराणसी रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है।

Image

गोलीबारी के पहले की तस्वीर

Photo : Times Now Digital

Buxar Crime: बिहार के बक्सर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित चौसा में एक शादी की खुशियां उस वक्त दहशत में बदल गईं, जब जयमाला के दौरान एक सिरफिरे आशिक ने दुल्हन को सरेआम गोली मार दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद समारोह में अफरा-तफरी मच गई और बारात में भगदड़ जैसी स्थिति हो गई।

जयमाला के स्टेज पर खूनी खेल

जानकारी के अनुसार, चौसा निवासी नन्द जी मलाह के बेटी की शादी, जिसकी बारात उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से आई हुई थी। शादी की रस्में हंसी-खुशी चल रही थीं और जयमाला के लिए दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर खड़े थे। तभी पड़ोस का रहने वाला एक युवक, जो कथित तौर पर दुल्हन का प्रेमी बताया जा रहा है, अचानक स्टेज के पास पहुंचा और दुल्हन पर फायर कर दिया।

हर्ष फायरिंग समझ बैठे थे लोग

चश्मदीदों के मुताबिक, जब गोली चली तो वहां मौजूद मेहमानों को लगा कि शायद यह हर्ष फायरिंग है। लेकिन जैसे ही जयमाला स्टेज पर खड़ी दुल्हन लहूलुहान होकर नीचे गिरी, लोगों के होश उड़ गए। जब तक लोग कुछ समझ पाते और आरोपी को पकड़ते, वह हड़बड़ी का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर

गोली लगने से गंभीर रूप से घायल दुल्हन को परिजनों ने तुरंत बक्सर सदर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया है। फिलहाल युवती की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

पुलिस की कार्रवाई और छापेमारी

वारदात की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। दबाव बनाने के उद्देश्य से पुलिस ने आरोपी के पिता को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article