Bulandshahr Firing: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के निजामपुर गांव में मंगलवार को दो पक्षों के बीच झड़प हुई। देखते ही देखते विवाद इतना अधिक बढ़ गया कि दोनों ओर से फायरिंग शुरू हो गई। जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।
बुलंदशहर में पैसों के लेनदेन ने ली दो जान
दोनों पक्षों के बीच कई राउंड फायरिंग
पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले से पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार को इसी बात को लेकर उनके बीच फिर कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना के दौरान दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चलीं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार करीब चार दर्जन से अधिक राउंड फायरिंग होने की बात सामने आ रही है।
दोनों पक्षों से एक-एक शख्स की मौत
गोलीबारी में एक पक्ष के अजब सिंह की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरे पक्ष के सोनू नाम के युवक की कथित तौर पर कार से कुचलकर हत्या कर दी गई। इस हिंसा में एक हिस्ट्रीशीटर सतपाल उर्फ सत्ते समेत दो लोग घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही बुलंदशहर के SSP दिनेश कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। हालात की गंभीरता को देखते हुए एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर और डीआईजी मेरठ रेंज कलानिधि नैथानी भी घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने पूरी स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और घटनास्थल से सबूत जुटाए जा रहे हैं।
इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
फिलहाल गांव में एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
