Delhi Traffic Update: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 18वें BRICS नेताओं के शिखर सम्मेलन को देखते हुए शनिवार को कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, सुरक्षा और सुचारु यातायात संचालन के लिए सुबह 9:30 बजे से रात 9:30 बजे तक कुछ सड़कों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी, जबकि कई स्थानों पर रूट डायवर्जन भी लागू किया जाएगा।
दिल्ली ट्रैफिक अपडेट
कहां की सड़कों पर पड़ेगा असर?
यातायात प्रतिबंधों का खासतौर से असर भारत मंडपम/प्रगति मैदान के आसपास की सड़कों पर पड़ेगा। मध्य दिल्ली क्षेत्र को उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिमी दिल्ली से जोड़ने वाले कई महत्वपूर्ण मार्गों पर भी यातायात नियंत्रित किया जाएगा। परामर्श में चिह्नित प्रमुख मार्गों में रिंग रोड, मथुरा रोड, भैरों मार्ग, तिलक मार्ग, इंडिया गेट/सी-हेक्सागन क्षेत्र, सरदार पटेल मार्ग, पटेल रोड, एनएच-48 और परेड रोड के अलावा लुटियंस दिल्ली क्षेत्र की कई सड़कें शामिल हैं।
मेट्रो का इस्तेमाल करें
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलने और जहां भी संभव हो, मेट्रो का इस्तेमाल करने का आग्रह किया है। यातायात पुलिस ने लोगों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गो का इस्तेमाल करने और सुविधा से बचने के लिए यातायात पुलिस कर्मियों के निर्देशों का पालन करने को भी कहा है। पुलिस ने कहा कि आपातकालीन और आवश्यक सेवा वाले वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर रास्ता दिया जाएगा। भारत 12 और 13 सितंबर को यहां 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है।
दिल्ली मेट्रो का लेटेस्ट अपडेट
वहीं दिल्ली मेट्रो ने एक सर्विस अपडेट देते हुए अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट किया कि, "परीक्षा देने वाले छात्रों और आम यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रविवार, 13 सितंबर 2026 को दिल्ली मेट्रो की सभी लाइनों पर ट्रेन सेवाएं सामान्य समय से पहले शुरू की जाएंगी। सभी लाइनों पर मेट्रो सेवा सुबह 6:00 बजे से उपलब्ध रहेगी। छात्रों और यात्रियों से अपील है कि वे अपनी यात्रा की योजना इसी के अनुसार बनाएं, ताकि परीक्षा केंद्र या अपने गंतव्य तक समय पर पहुंच सकें।
