Karnataka News: कर्नाटक के विजयपुरा में एक दिल दहला देने वाली घटना हुई है। जिसमें एक बाइक सवार को कार की बोनट पर फंसाकर कई किलोमीटर तक घसीटने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। बाइक सवार मृतक की पहचान इंडी तालुक के अगराखेड़ा गांव के रवि मीनलमणि (24) के रूप में हुई है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार वह पेशे से वकील था।
हादसे में बाइक सवार की मौत
पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास की घटना
यह घटना गुरुवार शाम को विजयपुरा में सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास की है। बसवनगर में बाइक पर बैठते समय युवक को एक तेज रफ्तार इनोवा कार ने जोरदार टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार कार के आगे बोनट पर फंस गया। लेकिन कार चालक ने कार को बिना रुके बीएलडीई आयुष अस्पताल तक घसीटते हुए शव को वहीं छोड़ दिया और कार लेकर फरार हो गया।
शोर मचाने पर भी कार सवार बिना रुके फरार
बाइक सवार को कार के आगे फंसा देख वहां मौजूद लोगों और वाहन चालकों ने शोर मचाया। लेकिन कार सवार बिना रुके ही भाग निकला। इस वजह से संदेह है कि यह जानबूझकर किया गया कृत्य था। स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि कार की नंबर प्लेट नहीं थी और उसके शीशे भी काले थे।
