शहर

Bihar Weather: 9 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, सुपौल में कोसी उफान पर; रेलवे ट्रैक पर पहुंची फिशिंग कैट

बिहार में मानसून अब पूरी तरह से एक्टिव हो गया है। यहां कोसी नदी उफान पर है और आज 9 जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। जबकि ठनका गिरने से 6 लोगों की मौत की भी खबर है।

Image

बिहार में आज भारी बारिश का अलर्ट

Bihar Weather: बिहार में इन दिनों मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। अगले कुछ दिनों तक राज्य के ज्यादातर हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की पूरी संभावना है। भारत मौसम विभाग (IMD) ने आज यानी मंगलवार 21 जुलाई को गया, नवादा और पश्चिम चंपारण सहित 9 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। उधर पटना, नालंदा, वैशाली समेत कई अन्य जिलों में तेज बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

पड़ोसी देश नेपाल के तराई क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश का असर अब बिहार में साफ दिखाई देने लगा है। सुपौल में कोसी नदी उफान पर है और आज सुबह कोसी बराज से 2 लाख, 3 हजार, 265 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। प्रशासन ने नदी किनारे बसे इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी है। वहीं, लगातार बारिश के कारण कई निचले इलाकों में पानी भर गया है।

रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से ट्रेन यातायात रुका

बारिश का असर यहां रेल यातायात पर भी पड़ा है। जमालपुर-किऊल रेलखंड के कजरा रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर पानी भर जाने से भागलपुर-सूरत सुपरफास्ट, जमालपुर-किऊल डीएमयू और गया-जमालपुर पैसेंजर सहित कई ट्रेनों को करीब दो घंटे तक अलग-अलग स्टेशनों पर रोका गया। बाद में ट्रेनों को एहतियातन कम रफ्तार से रवाना किया गया। गया के अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल परिसर में भी पानी भरने से मरीजों और परिजनों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

ठनका गिरने से भोजपुर में 3, सीवान में 2 की मौत

बारिश के साथ ही आकाशीय बिजली ने भी बिहार के कई इलाकों में कहर बरपाया है। भोजपुर जिले में ठनका गिरने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि सीवान में दो लोगों ने जान गंवा दी। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, खेतों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की है।

रेलवे ट्रैक पर पहुंची फिशिंग कैट

पश्चिम चंपारण के बगहा में लगातार बारिश के कारण वन्यजीव भी प्रभावित हो रहे हैं। वाल्मीकिनगर क्षेत्र में एक दिन पहले ट्रेन की चपेट में आने से भालू की मौत हो गई थी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अब बगहा-खरपोखरा रेलखंड के पास रेलवे ट्रैक पर एक घायल फिशिंग कैट मिली है। शुरुआती जानकारी में ग्रामीण उसे तेंदुए का शावक समझ बैठे थे, लेकिन बाद में वन विभाग ने उसकी पहचान फिशिंग कैट के रूप में की। जानकारों के अनुसार, जंगलों और निचले इलाकों में जलभराव बढ़ने से वन्यजीव सुरक्षित स्थानों की तलाश में आबादी और रेलवे ट्रैक की ओर पहुंच रहे हैं।

मौसम विभाग का कहना है कि कल यानी बुधवार 22 और गुरुवार 23 जुलाई को भी उत्तर और पश्चिम बिहार के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश जारी रह सकती है। दक्षिण और मध्य बिहार में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। लगातार बारिश के कारण अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!