Bihar Milk Price Hike: बिहार में बढ़ती महंगाई के बीच आम लोगों को एक और झटका लगा है। राज्य की मशहूर डेयरी कंपनी सुधा डेयरी (Sudha Dairy) ने दूध की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। नई कीमतें 22 मई 2026 से लागू हो गई हैं। अब लोगों को हर लीटर दूध खरीदने पर पहले से 2 रुपये ज्यादा खर्च करने होंगे। नई दरों के अनुसार, सुधा गोल्ड फुल क्रीम दूध (Sudha Milk Price hike) की कीमत 65 रुपये से बढ़ाकर 67 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। वहीं सुधा शक्ति दूध, जो पहले 57 रुपये प्रति लीटर मिलता था, अब 59 रुपये में मिलेगा। इसके अलावा सुधा काऊ मिल्क की कीमत भी बढ़ा दी गई है। इसकी नई कीमत 56 रुपये प्रति लीटर हो गई है, जबकि पहले यह 54 रुपये में मिल रहा था।
दूध महंगा होने से घरेलू बजट पर बढ़ेगा असर (फाइल फोटो)
इन चीजोंं के नहीं बढ़े दाम
हालांकि डेयरी कंपनी (bihar milk price) ने ग्राहकों को थोड़ी राहत भी दी है। घी, दही, लस्सी और पेड़ा जैसे अन्य उत्पादों की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। यानी इन चीजों के दाम पहले जैसे ही रहेंगे। बिहार स्टेट मिल्क को-ऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड यानी कॉम्फेड का कहना है कि बढ़ती लागत के कारण दूध के दाम बढ़ाना जरूरी हो गया था। संस्था के अनुसार पशुओं के चारे की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। इसके साथ ही ट्रांसपोर्ट और वितरण खर्च में भी काफी इजाफा हुआ है। इन सब कारणों से डेयरी संचालन पर असर पड़ रहा था। कॉम्फेड का कहना है कि किसानों और डेयरी व्यवस्था को संतुलित बनाए रखने के लिए यह फैसला लिया गया है।
इन पर पड़ेगा ज्यादा असर
दूध की नई कीमतों का असर खासतौर पर उन परिवारों पर पड़ेगा, जो रोजाना दूध का इस्तेमाल करते हैं। सुधा डेयरी से पहले अमूल (Amul Milk Price)और मदर डेयरी (Mother Dairy Milk Price) भी अपने दूध उत्पादों की कीमतें बढ़ा चुकी हैं। इन कंपनियों ने भी अलग-अलग दूध उत्पादों के दाम में करीब 2 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की थी। लगातार बढ़ती महंगाई के बीच दूध की कीमतों में हुई इस बढ़ोतरी से आम लोगों का घरेलू बजट और प्रभावित हो सकता है।
