Bihar MLC Election 2026: बिहार में आगामी विधान परिषद (एमएलसी) के द्विवार्षिक और उपचुनावों को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने अपने चार उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। इस लिस्ट में सबसे चौंकाने वाला और बड़ा नाम राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) के बेटे निशांत का है, जिन्हें पार्टी ने पटना जिले से अपना द्विवार्षिक चुनाव का उम्मीदवार (Bihar Vidhan Parishad Chunav) बनाया है। निशांत (Nishant Kumar) वर्तमान में बिहार सरकार में स्वास्थ्य मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं और पिछड़ा समाज से ताल्लुक रखते हैं।
स्वास्थ्य मंत्री निशांत बने JDU के उम्मीदवार (फाइल फोटो)
जदयू की इस नई सूची में सोशल इंजीनियरिंग (जातीय समीकरण) और महिला प्रतिनिधित्व की साफ झलक देखने को मिल रही है। पार्टी ने चार सीटों में से तीन सीटें अति पिछड़ा समाज (EBC) को दी हैं, जबकि एक सीट पिछड़ा समाज के खाते में गई है। इसके साथ ही, आधी आबादी को तवज्जो देते हुए दो महिला चेहरों को भी मैदान में उतारा गया है।
इन दिग्गजों को मिला पार्टी का टिकट
श्री निशांत (पटना): नीतीश कुमार के बेटे निशांत पिछड़ा समाज से आते हैं और युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय चेहरा हैं।
डॉ. भारती मेहता (मधुबनी): इन्हें भी द्विवार्षिक चुनाव के लिए टिकट मिला है। डॉ. भारती नोनिया जाति (अति पिछड़ा) से आती हैं और संस्कृत में पीएचडी हैं। वे फिलहाल जदयू महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष हैं और साल 2002 से संगठन में सक्रिय हैं।
श्रीमती शिवरानी देवी प्रजापति (पश्चिम चम्पारण): कुम्हार जाति (अति पिछड़ा) से आने वाली शिवरानी देवी बेतिया में जिला परिषद की अध्यक्ष रह चुकी हैं। वे 2005 से पार्टी से जुड़ी हैं और वर्तमान में प्रदेश महासचिव की जिम्मेदारी संभाल रही थीं।
श्री ललन प्रसाद (शेखपुरा - उपचुनाव): पार्टी ने इन्हें उपचुनाव के लिए अपना प्रत्याशी घोषित किया है। ललन प्रसाद धानुक जाति (अति पिछड़ा) से आते हैं और समता पार्टी के दौर (1994) से ही नीतीश कुमार के बेहद वफादार और पुराने सिपाही रहे हैं।
जदयू ने इस लिस्ट के जरिए अपने पुराने और जमीनी कार्यकर्ताओं को तरजीह दी है, जिससे संगठन के भीतर एक सकारात्मक संदेश गया है। आगामी दिनों में होने वाले इस चुनाव को लेकर अब सूबे का सियासी तापमान पूरी तरह बढ़ चुका है।
