शहर

Kal Ka Mausam: मानसून ने पकड़ी रफ्तार, कई राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट; जानें वीकेंड पर नॉर्थ से साउथ तक कैसा रहेगा मौसम

Kal Ka Mausam 6 June 2026 , कल का मौसम कैसा रहेगा, Aaj Aur Kal ka Mausam Kaisa Rahega: मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर, यूपी, बिहार, राजस्थान, महाराष्ट्र, केरल और पहाड़ी क्षेत्रों के लिए अहम मौसम अलर्ट जारी किया है। ऐसे में आइए जानते हैं कल और अगले कुछ दिनों में देशभर का मौसम कैसा रहने वाला है और किन इलाकों में भारी बारिश, लू या तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।

Image

कल का मौसम 6 जून 2026

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

कल का मौसम (Kal Ka Mausam): देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। एक ओर दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है, तो दूसरी ओर कई राज्यों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं की गतिविधियां बढ़ने लगी हैं। वेदर सिस्टम की बात करें तो जम्मू-कश्मीर और उससे जुड़े इलाकों में समुद्र तल से लगभग 3.1 किमी ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय है, जो पूर्वोत्तर दिशा की ओर बढ़ रहा है।

IMD का कहना है कि इसके प्रभाव से मध्य पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में निचले क्षोभमंडलीय स्तरों पर एक चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) बना हुआ है, जबकि एक अन्य चक्रवाती परिसंचरण मध्य पाकिस्तान से उत्तर-पश्चिमी राजस्थान होते हुए उत्तर-पश्चिम अरब सागर तक फैला हुआ है। इसके अलावा उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों, पूर्वी उत्तर प्रदेश तथा आसपास के इलाकों, और म्यांमार से उत्तर अंडमान सागर तक भी निचले एवं मध्य क्षोभमंडलीय स्तरों पर चक्रवाती परिसंचरण मौजूद हैं। दक्षिण भारत में कर्नाटक के तटीय क्षेत्रों और आसपास के भागों के ऊपर, दक्षिण-पूर्वी राजस्थान से पश्चिमी मध्य प्रदेश तक तथा उत्तर-पूर्वी बांग्लादेश और आसपास के क्षेत्रों में भी चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हैं। इन सभी मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से देश के विभिन्न हिस्सों में वर्षा, गरज-चमक और तेज हवाओं की गतिविधियां बनी रहने की संभावना है।

क्या है IMD का पूर्वानुमान?

मौसम विभाग का कहना है कि अगले 2 से 3 दिनों के दौरान मानसून के मध्य अरब सागर के कुछ और क्षेत्रों, कर्नाटक, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों, गोवा और तमिलनाडु के शेष भागों, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तथा पश्चिम-मध्य, पूर्व-मध्य और उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी के अतिरिक्त क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। साथ ही, पूर्वोत्तर भारत के कुछ राज्यों में भी मानसून की दस्तक की संभावना है।

दक्षिण-पश्चिम मानसून का अपडेट

दक्षिण-पश्चिम मानसून ने 5 जून 2026 को अपनी प्रगति जारी रखते हुए पश्चिम-मध्य और पूर्व-मध्य अरब सागर के कुछ और हिस्सों, गोवा के कुछ क्षेत्रों, कर्नाटक और तमिलनाडु के अतिरिक्त भागों तथा दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक विस्तार कर लिया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 5 जून को मानसून की उत्तरी सीमा (Northern Limit of Monsoon) 16.5°N/60°E, 16.5°N/65°E, 16.2°N/70°E, पणजी, बेंगलुरु, सलेम, पंबन, 11°N/83°E, 14.5°N/87°E, 17.5°N/90°E, 20°N/93°E और 22°N/95°E से होकर गुजर रही है।

दिल्ली-एनसीआर में कल का मौसम

दिल्ली-एनसीआर में कल यानी 6 जून को गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। इस दिन अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। हालांकि कल के लिए कोई खास चेतावनी जारी नहीं की गई है। इसके बाद मौसम में तेजी से सुधार होने के संकेत हैं। 7 जून को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। इस दिन अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहेगा। 8 जून को अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम साफ रहेगा और कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। इसके अलावा 9 जून और 10 जून को भी IMD ने मुख्य रूप से साफ मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। दोनों दिनों में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इन दिनों के लिए भी कोई अलर्ट जारी नहीं की गई है।

यूपी में कल का मौसम कैसा रहेगा?

उत्तर प्रदेश में अगले पांच दिनों के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। 6 जून को पश्चिमी तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर बिजली चमकने और 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 7 से 9 जून के दौरान अधिकांश क्षेत्रों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने की संभावना है, हालांकि कहीं-कहीं बादल छाए रह सकते हैं। 10 और 11 जून को पूर्वी उत्तर प्रदेश में तथा 11 जून को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में फिर से छिटपुट बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। तापमान की बात करें तो अगले कुछ दिनों में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना है, लेकिन 9 से 11 जून के बीच पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में लू चलने की आशंका जताई गई है।

बिहार में कल के मौसम का हाल

बिहार में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम में बदलाव बना रहने की संभावना है। इस अवधि में राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा और कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। 7 और 8 जून को कुछ क्षेत्रों में आंधी-तूफान के साथ बिजली चमकने तथा 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं 6 जून तथा 9 और 10 जून को कुछ स्थानों पर 50 से 60 किमी प्रति घंटा की गति वाली तेज हवाओं के साथ थंडरस्क्वॉल (तेज तूफानी हवाएं) चल सकती हैं।

राजस्थान में ऐसा रहेगा मौसम

एक परिसंचरण तंत्र के प्रभाव के कारण राजस्थान के अनेक हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में आंधी व बारिश की गतिविधियां अभी जारी रहने का अनुमान है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, शुक्रवार सुबह तक बीते 24 घंटों में राज्य के कुछ भागों में मध्यम से तेज बारिश हुई। सर्वाधिक 75 मिलीमीटर बारिश बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ में दर्ज की गई। मौसम केंद्र के अनुसार, राज्य के ऊपर बने परिसंचरण तंत्र के प्रभाव से कुछ भागों में आंधी बारिश की गतिविधियां आगामी 2-3 दिन जारी रहने की संभावना है। इसके बाद पूर्वी राजस्थान में छुटपुट स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। आंधी बारिश की गतिविधियों में 8 जून से कमी तथा तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी। पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में 8 से 11 जून के दौरान कुछ जगहों पर अधिकतम तापमान 44-46 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने व कहीं-कहीं हीटवेव चलने की संभावना है।

पहाड़ी राज्यों के लिए क्या अलर्ट है?

जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 6 से 11 जून के बीच समय-समय पर बारिश का दौर जारी रह सकता है। 6 जून को कई स्थानों पर व्यापक वर्षा होने के आसार हैं, जबकि बाद के दिनों में भी छिटपुट से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। उत्तराखंड में कल कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। इसके अलावा गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं का भी प्रभाव देखने को मिल सकता है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी आशंका है, जबकि कुछ क्षेत्रों में 50 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंके चल सकते हैं।

महाराष्ट्र में 6 से 11 जून तक बारिश का अनुमान

महाराष्ट्र में के कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और गुजरात से सटे कुछ इलाकों में 6 से 11 जून के बीच रुक-रुक कर बारिश हो सकती है। कोंकण और गोवा तथा मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में 5 से 9 जून के दौरान कहीं-कहीं भारी वर्षा होने के आसार हैं। इस दौरान कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिनकी गति 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, 7 जून तक महाराष्ट्र के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिल सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलेगी। इसके बाद 11 जून तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। कुल मिलाकर, राज्य में मानसूनी गतिविधियां धीरे-धीरे तेज होने के साथ बारिश और बादलों के कारण मौसम सुहावना बना रह सकता है।

केरल के सात जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट

केरल के कई हिस्सों में लगातार भारी बारिश होने से सड़कों पर जलभराव हो गया है और निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। इसी बीच IMD ने शुक्रवार को राज्य के सात जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में पथनमथिट्टा, अलाप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की, एर्नाकुलम, त्रिशूर और कासरगोड शामिल हैं। मौसम विभाग के अनुसार, इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश होने तथा 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, ऑरेंज अलर्ट 11 से 20 सेंटीमीटर तक बहुत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान होने पर जारी किया जाता है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई।

तापमान और हीटवेव की जानकारी

अगले कुछ दिनों में देश के विभिन्न हिस्सों में तापमान के अलग-अलग रुझान देखने को मिल सकते हैं। उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में 6 से 11 जून के बीच तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। मध्य भारत में 7 जून तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है, लेकिन 8 से 11 जून के दौरान इसमें 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि हो सकती है। महाराष्ट्र में 7 जून तक अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी आने की संभावना है, जिसके बाद 11 जून तक तापमान लगभग स्थिर बना रह सकता है। वहीं, देश के अन्य अधिकांश क्षेत्रों में 11 जून तक तापमान में कोई बदलाव होने के आसार नहीं हैं। 6 जून को तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में, 9 से 11 जून के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश में, 8 से 11 जून के बीच पश्चिमी राजस्थान में तथा 9 से 11 जून तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में लू चलने की संभावना है। इसके अलावा ओडिशा में 6 से 9 जून तक गर्म और उमस भरा मौसम बना रह सकता है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article