शहर

Bihar News: मधुबनी स्टेशन पर खड़ी Express ट्रेन में लगी आग, घंटों की मशक्कत के बाद पाया गया काबू

बिहार के मधुबनी रेलवे स्टेशन पर आज तड़के जयनगर-उधना एक्सप्रेस की एक बोगी में भीषण आग लग गई। फायर ब्रिगेड ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

Image

बिहार के मधुबनी में प्लेटफॉर्म पर खड़ी ट्रेन में लगी आग (फोटो - ANI)

Bihar News: बिहार में आज यानी गुरुवार 28 मई की सुबह एक एक्सप्रेस ट्रेन में आग लगने की घटना सामने आई। यहां के मधुबनी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर खड़ी ट्रेन नंबर 22563 जयनगर-उधना वीकली एक्सप्रेस की एक बोगी में अचानक आग (Train Fire) लगने से वहां अफरातफरी मच गई।

कुछ ही पलों में आग ने पूरी ही बोगी को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते पूरी बोगी जलकर राख हो गया। आग लगने की यह घटना आज तड़के 3.50 बजे की बताई जा रही है। जयनगर-उधना एक्सप्रेस साप्ताहिक ट्रेन है, इसलिए यह सोमवार से ही मधुबनी स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर खड़ी थी। आज उसे उधना के लिए रवाना होना था।

लेकिन आज तड़के अचानक ट्रेन की एक बोगी से धुआं उठने लगा, फिर कुछ ही देर में आग की लपटें काफी तेज हो गईं। आग लगने की सूचना मिलते ही पूरे स्टेशन में अफरातफरी का माहौल बन गया। रेलवे कर्मियों ने तुरंत अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दी।

फायर ब्रिगेड की टीम को जैसे ही ट्रेन की बोगी में आग लगने की सूचना मिली, वैसे ही विभाग की 8-10 गाड़ियां मौके पर पहुंच गई। लगभग 1 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि, इतने समय में ट्रेन की पूरी बोगी जलकर राख हो चुकी थी।

आग काफी भयावह थी और उसकी लपटें काफी तेज थीं। इसलिए रेलवे प्रशासन ने एहतियात के तौर पर प्लेटफॉर्म क्षेत्र को खाली करा लिया और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। घटनास्थल पर समस्तीपुर मंडल के DRM ज्योति प्रकाश, कमांडेंट आशीष कुमार सहित कई वरिष्ठ रेलवे अधिकारी पहुंचे और हालात का जायजा लिया। आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

डीआरएम के अनुसार अभी तो आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हैं। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक और SFL टीम को जांच के लिए बुलाया गया है। टीम घटनास्थल से सुबूत इकट्ठा करके आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। आग लगने की इस घटना के बाद वहां यात्रियों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article