शहर

Patna News: पटना में बड़ा हादसा, गंगा घाट पर नाव पलटने से दो लोगों की मौत; लापता लोगों की तलाश जारी

पटना के बाढ़ शहर में गुरुवार सुबह गंगा घाट पर एक छोटी नाव पलटने से हादसा हो गया। जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और 5 लोग लापता बताए जा रहे हैं। घटनास्थल पर बचाव कार्य जारी है।

Image

बाढ़ में नाव पलटने से दर्दनाक हादसा

बिहार के पटना जिले में स्थित बाढ़ शहर में गुरुवार सुबह बड़ा हो गया। उमानाथ मंदिर के पास गंगा घाट पर एक छोटी नाव अचानक पलट गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और 5 लोग लापता बताए जा रहे हैं। घटनास्थल पर बचाव कार्य जारी है और अभी तक 7 लोगों को सुरक्षित बचाया जा चुका है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नाव जैसे ही गंगा दियारा क्षेत्र की तरफ बढ़ी, तभी तेज हवा चलने के कारण नाव का संतुलन बिगड़ने लगा। जिससे नाव पलट गई और सभी यात्री पानी में गिर गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य में मदद की और कुछ लोगों को बाहर निकालने में सफलता मिली।

समस्तीपुर और पटना प्रशासन द्वारा संयुक्त बचाव कार्य

पटना जिला प्रशासन की ओर से जारी बयान के अनुसार, आज सुबह करीब 5:45 बजे बाढ़ अनुमंडल के उमानाथ घाट के पास स्थित बिंद टोली के 14 लोग नाव पर सवार होकर समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर प्रखंड स्थित सुल्तानपुर दियारा गए थे। वापसी में अचानक मौसम बिगड़ गया और तेज हवा के कारण उनकी नाव पलट गई। बयान में कहा गया है कि लोग कृषि कार्यों के लिए अक्सर सुल्तानपुर दियारा जाते हैं। समस्तीपुर और पटना जिला प्रशासन संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चला रहे हैं।

5 लापता लोगों की तलाश जारी

पटना जिला प्रशासन ने बताया कि अब तक सात लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि दो शव बरामद किए गए हैं। पांच लोग अभी भी लापता है, जिनकी तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है। अधिकारियों के अनुसार, मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ जिला अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने कहा है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और लापता लोगों की तलाश तेज कर दी गई है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article