शहर

बिहार का मौसम (29 Mar 2026) Bihar Weather Today: आंधी-बारिश के बाद अब पसीने छुड़ाएगी गर्मी, अप्रैल के पहले हफ्ते में लू का अलर्ट

बिहार का मौसम (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 29 Mar 2026: बिहार में 80 किमी की रफ्तार से चली आंधी और बारिश के बाद अब भीषण गर्मी की संभावना दिख रही है। पटना, मुजफ्फरपुर और भागलपुर समेत पूरे प्रदेश में सोमवार से बादलों की विदाई होगी और पारा तेजी से ऊपर चढ़ेगा। जानें अप्रैल के पहले हफ्ते में लू (Loo) को लेकर मौसम विभाग (IMD) की क्या है बड़ी चेतावनी।

Image

बिहार में अब बारिश के आसार नहीं, लौटेगी गर्मी

Photo : Times Now Digital

बिहार में आज का मौसम (29 Mar 2026): बिहार में कुदरत के बदलते मिजाज ने हर किसी को हैरत में डाल दिया है। पिछले 48 घंटों में हुई झमाझम बारिश और तूफानी हवाओं ने जहां जेठ की गर्मी से पहले सावन जैसा अहसास करा दिया, वहीं अब सूरज के तेवर फिर से तीखे होने वाले हैं। मौसम विभाग के ताजा अनुमानों के मुताबिक, रविवार से बादलों की विदाई शुरू हो जाएगी और अप्रैल का पहला हफ्ता बिहार के लिए 'अग्निपरीक्षा' जैसा साबित हो सकता है।

पटना में गर्मी की दस्तक

राजधानी पटना के लिए शुक्रवार की रात और शनिवार की सुबह ठंडी रही। 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं और मध्यम स्तर की बारिश ने अधिकतम तापमान को सीधे 6.1 डिग्री सेल्सियस तक नीचे धकेल दिया। शनिवार को शहर का पारा 30.1 डिग्री के आसपास रहा, जिससे लोगों को एसी-कूलर बंद करने पड़ गए। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि यह राहत बस चंद घंटों की है। रविवार को भले ही आंशिक बादल दिखें, लेकिन न्यूनतम और अधिकतम तापमान में अब धीरे-धीरे इजाफा होना शुरू हो गया है।

नमी के बाद अब तीखी धूप

उत्तर बिहार और भागलपुर के इलाकों में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम काफी मेहरबान रहा। मुजफ्फरपुर में बारिश के कारण हवा में नमी का स्तर 90 प्रतिशत तक पहुंच गया, जिससे वातावरण में काफी ठंडक रही। लेकिन पूसा स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने चेतावनी दी है कि रविवार से आसमान साफ होते ही धूप की तपिश बढ़ेगी। भागलपुर में रविवार को भी कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है, लेकिन सोमवार से यहां भी तीखी धूप लोगों के पसीने छुड़ाना शुरू कर देगी। कृषि विश्वविद्यालय सबौर के वैज्ञानिकों के अनुसार, सोमवार से दिन और रात दोनों के तापमान में तेजी से उछाल आएगा।

अप्रैल की शुरुआत और लू की चेतावनी

मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि इस बार अप्रैल की शुरुआत काफी 'तल्ख' रहने वाली है। रविवार को पूर्वी बिहार के कुछ हिस्सों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं और गरज-चमक का असर दिख सकता है, लेकिन शेष बिहार में अब आसमान पूरी तरह साफ रहेगा। सोमवार से जैसे ही बादलों का डेरा हटेगा, पछुआ हवाएं और सीधी धूप बिहार के मैदानी इलाकों को तपाना शुरू कर देंगी। अप्रैल के पहले सप्ताह से ही राज्य के कई जिलों में लू (Heatwave) जैसे हालात बन सकते हैं।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article