बिहार में आज का मौसम (26 March 2026): बिहारवासी आज घर से बाहर जाने से पहले छाता और रेनकोट लेकर जरूर निकले। आज राज्य का मौसम फिर से बारिश के दर्शन कराने वाला है। मौसम विभाग ने आज बिहार के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। वैसे बारिश का सिलसिला सिर्फ आज तक ही सीमित नहीं रहने वाला, बल्कि मार्च के अंत तक रिमझिम बरसात आपको देखने को मिल सकती है। IMD के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत में एक के बाद एक दो पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहे हैं, जिसके प्रभाव से बिहार में 31 मार्च तक बारिश का मौसम जारी रहने की संभावना है।
बिहार में आज से बारिश का दौर (सांकेतिक फोटो)
बिहार में आज बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार आज बिहार के पूर्वी और पश्चिमी चंपारण में एक या दो स्थानों पर बारिश की संभावना है। इसके अलावा मधुबनी, सीतामढ़ी, सुपौल, शिवहर, अररिया और किशनगंज में कहीं-कहीं बारिश दर्ज की जा सकती है। इस दौरान बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। बिहार में आज अधिकतम तापमान 32 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 18 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
बिहार में दो दिन आंधी-बारिश का अलर्ट
27 मार्च को पूरे बिहार में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान समस्तीपुर, सुपौल, अररिया, किशनगज, मधेपुरा, सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर, सहरसा, पूर्णिया और कटिहार में बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने कल ओले गिरने की भी चेतावनी जारी की है। साथ ही 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और बिजली गिरने की भी आशंका है। 28 मार्च को भी बिहार में ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है। इस दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट है।
बिहार में तापमान में गिरावट से बढ़ेगी ठंडक
मौसम विभाग के अनुसार बिहार के मौसम में लगातर हो रहे बदलाव के कारण तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 1- 3 डिग्री तक बढ़ सकता है। जिसके बाद फिर गिरावट होने की संभावना है। वहीं न्यूनतम तापमान में अगले 48 घंटों में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने के आसार हैं। जिसके बाद रात का पारा भी बारिश के कारण नीचे लुढ़क सकता है।
