Ghaziabad News: गाजियाबाद के मुरादनगर इलाके से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां दो साल की मासूम का अपहरण कर उसे भीख मंगवाने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की और 7 दिन में बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी महिला को भी गिरफ्तार कर लिया है।
पार्क से बच्ची लेकर भागी महिला
यह घटना 18 मार्च की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, बच्ची अपनी करीब आठ साल की बड़ी बहन के साथ अंबेडकर पार्क में खेल रही थी। तभी वहां मौजूद एक महिला ने दोनों बच्चियों को कोल्ड्रिंक का लालच दिया। जिसके बाद महिला ने मौका पाते ही छोटी बच्ची को अगवा कर लिया। वह उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ लेकर फरार हो गई।
जब बच्ची के गायब होने की जानकारी परिवार को मिली तो घर में हड़कंप मच गया। परिजनों ने तुरंत मुरादनगर थाने में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने टीम गठित कर मामले की जांच शुरू की। बच्ची की तलाश में आसपास के इलाकों में सघन तलाशी शुरू की गई और सर्विलांस की मदद से आरोपी की तलाश तेज कर दी गई। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को मुखबिर से अहम सुराग मिला। पुलिस ने सूचना के आधार पर मुरादनगर रेलवे स्टेशन एरिया से आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से बच्ची को भी सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
कूड़ा बीनने का काम करती थी महिला
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला की पहचान 45 वर्षीय हसीना उर्फ बुचनिया के रूप में हुई है। वह मोदीनगर की रहने वाली है। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि वह कूड़ा बीनने का काम करती है और लालच में आकर उसने बच्ची को आगवा किया। महिला के अनुसार छोटे बच्चों को देखकर लोग आसानी से पैसे दे देते हैं, जिस कारण उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
लखनऊ भागने की फिराक में थी महिला
पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला बच्ची को अपने साथ मेरठ ले गई थी, जहां उसने उसे भीख मंगवाने के लिए इस्तेमाल किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला बच्ची को लेकर लखनऊ भागने की योजना बना रही थी, लेकिन इससे पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बरामद बच्ची को उसके परिजनों को सौंप दिया गया है।
