Patna News: बिहार में बढ़ती लूटपाट और चोरी की घटनाओं को देखते हुए सर्राफा कारोबारियों ने सुरक्षा को लेकर एक अहम निर्णय लिया है। राज्यभर में अब सोना-चांदी की दुकानों में हिजाब, नकाब या घूंघट पहनकर आने वाली महिलाओं और हेलमेट या मुरेठा पहनकर आने वाले पुरुषों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। आल इंडिया गोल्ड एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि सर्राफा कारोबार लंबे समय से अपराधियों के निशाने पर रहा है। कई बार लूट और डकैती की वारदातों में अपराधी चेहरा ढककर आते हैं, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो जाता है।
पटना में हेलमेट-बुरका पहन कर सर्राफा दुकानों में नहीं हो सकेगी खरीददारी (AI Image)
पहचान छिपाकर अपराध को मिलता है बढ़ावा
ज्वैलर्स एसोसिएशन का कहना है कि चेहरे ढके होने की वजह से सीसीटीवी फुटेज में भी अपराधियों की पहचान स्पष्ट नहीं हो पाती। इससे न सिर्फ जांच में दिक्कत आती है, बल्कि अपराधियों के हौसले भी बढ़ते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए यह नियम लागू किया गया है। सर्राफा कारोबारियों ने ग्राहकों से अपील की है कि वे खरीदारी के दौरान चेहरे को ढककर न आएं। इससे दुकानों में सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होगी और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई संभव हो सकेगी।
सुरक्षा व्यवस्था होगी और मजबूत
कारोबारियों को उम्मीद है कि इस फैसले से सर्राफा बाजारों में सुरक्षा का स्तर और मजबूत होगा। साथ ही लूटपाट की घटनाओं पर भी अंकुश लगेगा। कारोबारियों का कहना है कि यह नियम पूरी तरह सुरक्षा के उद्देश्य से लागू किया गया है और इसका किसी समुदाय या वर्ग से कोई लेना-देना नहीं है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
