Delhi Politics: आम आदमी पार्टी (AAP) एक बार दिल्ली सरकार पर हमलावर है। इस बार AAP ने आरोप लगाया कि दिल्ली की सीएम ने शहीद भगत सिंह का अपमान किया है। AAP नेता गोपाल राय ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें उन्होंने कहा कि दिल्ली की सीएम रेखा ने शहीदे आजम भगत सिंह की शहादत को अपमानित किया है। राय ने कहा कि सदन में अपनी बात रखते हुए सीएम रेखा ने गलत जानकारी दी।
इसको लेकर उन्होंने सीएम रेखा पर हमला बोला और कहा, 'मुख्यमंत्री को शायद इतिहास का कुछ पता ही नहीं है या फिर वह जानबूझकर शहीदों का अपमान कर रही हैं। ' उन्होंने कहा कि सीएम ने कहा कि भगत सिंह ने अंग्रेजों के खिलाफ नहीं बल्कि कांग्रेस के खिलाफ लड़ाई लड़ी।
पूरे दिल्ली में लोगों को बेघर करने का एक अभियान
AAP विधायक गोपाल राय ने बुधवार को कई जगहों पर दिल्ली में चल रहे डिमोलिशन ड्राइव की निंदा करते हुए मांग की कि सरकार को 'लोगों के घरों को तोड़ने' के बजाय 'पुनर्वास' पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि BJP सरकार द्वारा 'पूरे दिल्ली में लोगों को बेघर करने' का एक अभियान चलाया जा रहा है।
विधायक ने कहा कि जब से BJP सत्ता में आई है, पार्टी पूरे दिल्ली में अतिक्रमण और लोगों के घर तोड़ रही है। ANI से बात करते हुए उन्होंने कहा, 'जब से BJP सरकार सत्ता में आई है, यह सिर्फ एक जगह की बात नहीं है। यह सरकार पूरे दिल्ली में अतिक्रमण और लोगों के घरों को तोड़ रही है। यह सिर्फ एक घटना के बारे में नहीं है... पूरे दिल्ली में लोगों को बेघर करने का एक अभियान चल रहा है। ऐसी घटनाएं कई जगहों पर हो रही हैं। मुझे लगता है कि सरकार को लोगों के घरों को तोड़ने के बजाय उनके पुनर्वास पर काम करना चाहिए।'
जहां विपक्ष ने बुधवार को दिल्ली में डिमोलिशन ड्राइव के लिए BJP पर हमला किया, वहीं सत्ताधारी पार्टी ने दावा किया कि वह सिर्फ अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ़ कोर्ट के निर्देशों का पालन कर रही है।
